वीरेंद्र कुमार, नालंदा। बिहारशरीफ के बिहार थाना क्षेत्र स्थित महलपर मोहल्ले में रविवार की देर रात मारपीट और छिनतई की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बदमाशों द्वारा कथित रूप से पति-पत्नी के साथ मारपीट कर सोने के आभूषण छीन लेने का आरोप लगाया गया है। दोनों घायलों का इलाज बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल में चल रहा है।

मिट्टी फेंकने को लेकर हुआ था विवाद

घायल की पहचान महलपर मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय राजूराम और उनकी 35 वर्षीय पत्नी पिंकी देवी के रूप में हुई है। घायल राजूराम ने आरोप लगाया कि मोहल्ले के ही बद्दू लाल ने उनकी जमीन के पास मिट्टी फेंक दी थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया और ऐसा नहीं करने को कहा, तो पहले गाली-गलौज की गई। इसके बाद आरोपित अपने साथ 5 से 6 लोगों को लेकर आया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

मारपीट और मंगलसूत्र छीनने का आरोप

राजूराम ने बताया कि शोर सुनकर उनकी पत्नी पिंकी देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। पीड़ित दंपति का आरोप है कि मारपीट के दौरान राजूराम के गले से सोने का लॉकेट तथा पिंकी देवी के गले से सोने का मंगलसूत्र भी छीन लिया गया।

सदर अस्पताल में चल रहा पति-पत्नी का इलाज

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। वहीं, खबर लिखे जाने तक इस मामले में बिहार थानाध्यक्ष दीपक सम्राट ने बताया कि अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- भीषण गर्मी में घर के बाहर सो रहे एक दर्जन से अधिक लोगों को ट्रैक्टर ने कुचला, 7 की हालत गंभीर