अजीत पाटकर, कोरिया: छत्तीसगढ़ की कोरिया पुलिस ने पत्नी के साथ हैवानियत की हदें पार करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने चरित्र शंका के चलते ना सिर्फ अपनी पत्नी के साथ मारपीट की थी बल्कि उसका मुंडन करके बच्चे का पेशाब भी पीला दिया था। यह पूरा मामला पटना कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के ग्राम रुनियाडीह निवासी आरोपी पति जितेंद्र का अपनी पत्नी तारा बाई के साथ पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। दोनों ने साल 2006 में प्रेम विवाह किया था और उनके चार बच्चे हैं। पिछले एक साल से तारा बाई पति से अलग पांडवपारा में अपने रिश्तेदार रमेश के घर रह रही थी।

चरित्र शंका के चलते सारी हदें की पार
14 जून को आरोपी पति जितेंद्र ने चरित्र पर शक के चलते पंडोपारा स्थित काटकोना गांव पहुंचकर न सिर्फ पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि उसका मुंडन कर दिया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी आरोपी ने पीड़िता के चेहरे पर कालिख पोती और उसे जबरन बच्चे का पेशाब पिलाया।

आरोपी का दावा और पुलिस की कार्रवाई
आरोपी पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी पहले अपने जीजा और बाद में भांजे के साथ भाग गई थी। वहीं, पीड़िता ने पति पर गंभीर और अमानवीय प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना थाना पुलिस ने आरोपी जितेंद्र के खिलाफ अपराध क्रमांक 167/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 185, 115(2), 296, 351(2) और 125 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

