Kolkata TMC Office Vandalism: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कैमैक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय में कथित तोड़फोड़ के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। मुख्यमंत्री और TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है।

ममता बनर्जी का BJP पर गंभीर आरोप

ममता बनर्जी ने गुरुवार को फेसबुक लाइव के जरिए घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP समर्थित लोगों ने पुलिस को भरोसे में लेकर TMC कार्यालय पर हमला किया और वहां तोड़फोड़ की। ममता के मुताबिक, हमलावर कार्यालय से कंप्यूटर, जरूरी दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी ले गए।

उन्होंने कहा कि कार्यालय में मौजूद लोगों को कथित तौर पर परेशान किया गया। ममता ने सवाल उठाया कि अगर कोलकाता जैसे शहर में कानून-व्यवस्था की यह स्थिति है, तो ग्रामीण इलाकों में हालात कैसे होंगे।

अभिषेक बनर्जी ने शेयर किया कथित CCTV फुटेज

TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भी घटना को लेकर BJP पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि BJP समर्थित हथियारबंद लोग गुरुवार तड़के पार्टी कार्यालय में पहुंचे थे।

अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कथित CCTV फुटेज साझा किए। फुटेज में कुछ लोग मास्क और हेलमेट पहने नजर आ रहे हैं। उनके हाथों में इलेक्ट्रॉनिक सामान दिखाई देता है, जबकि एक कमरे में फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त नजर आ रहे हैं।

ममता की BJP को चेतावनी

ममता बनर्जी ने BJP पर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने जादवपुर विश्वविद्यालय में कथित हिंसा का भी जिक्र किया और कहा कि राज्य का राजनीतिक माहौल खराब किया जा रहा है।

ममता ने चेतावनी दी कि अगर TMC नेताओं और पार्टी कार्यालयों पर हमले जारी रहे, तो पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो TMC दिल्ली में BJP नेताओं के घरों के बाहर धरना देगी।

फिलहाल पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है, जबकि BJP की ओर से TMC के इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m