इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित राजकीय भोज के दौरान भारत के विकास मॉडल की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से पीएम मोदी के कामकाज और योजनाओं को फॉलो कर रहे हैं तथा उनके कई कार्यक्रमों को अपने देश में अपनाया है।प्रबोवो ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “मैंने आपके कई कार्यक्रम कॉपी किए हैं और इसे स्वीकार करने में मुझे कोई संकोच नहीं है। ये करोड़ों लोगों के लिए सफल साबित हुए हैं।”
भारत से सीख रहा है इंडोनेशिया
राष्ट्रपति प्रबोवो ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया की कई चुनौतियां समान हैं, जिनमें बड़ी आबादी, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक आपदाएं शामिल हैं। इसके बावजूद भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे इंडोनेशिया प्रेरणा ले रहा है।
उन्होंने बताया कि जकार्ता से भेजा गया एक प्रतिनिधिमंडल हाल ही में भारत में दो से तीन सप्ताह तक कृषि तकनीकों का अध्ययन कर लौटा है। विशेष रूप से सूखी भूमि को उपजाऊ बनाने की भारतीय तकनीक का गहन अध्ययन किया गया है।
‘आपके कार्यक्रमों पर कोई कॉपीराइट नहीं’
प्रबोवो ने मुस्कुराते हुए कहा, “हमारे यहां भी ये कार्यक्रम सफल हो रहे हैं। इसके लिए आपका धन्यवाद। खुशी की बात है कि आपके कार्यक्रमों पर कोई कॉपीराइट नहीं है।” उन्होंने यह भी कहा कि उनका देश सीखने से कभी नहीं डरता और भारत से लगातार सहयोग चाहता है।
भारत-इंडोनेशिया के बीच हुए कई अहम समझौते
दोनों देशों ने रक्षा, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, अंतरिक्ष, कृषि, समुद्री सुरक्षा, डिजास्टर मैनेजमेंट, मेडिकल रेगुलेशन, क्रिटिकल मिनरल्स और क्रॉस-बॉर्डर QR पेमेंट सिस्टम जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके अलावा ब्रह्मोस मिसाइल सहयोग पर भी सहमति बनी। भारत इंडोनेशिया में IIT और IIM कैंपस स्थापित करने की दिशा में भी कदम बढ़ाएगा। साथ ही AI, स्टार्टअप और प्राचीन यूनेस्को विश्व धरोहर प्रंबनन मंदिर परिसर के संरक्षण में भी दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
पीएम मोदी को मिला इंडोनेशिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान
इंडोनेशिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बिंतांग अदिपुर्णा’ से सम्मानित किया। सम्मान स्वीकार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। 6 से 8 जुलाई तक चल रही यह यात्रा भारत-इंडोनेशिया की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

