लखनऊ. यूपी कैडर की 2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल का इस्तीफा केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है. उन्होंने 30 अगस्त को व्यक्तिगत कारणों, पारिवारिक प्राथमिकताओं और जीवन के नए लक्ष्यों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था. सोमवार (14 सितंबर 2026) रात करीब 11 बजे उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस्तीफा मंजूर होने की जानकारी दी.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बारिश-बाढ़ का कहर! 72 जिलों में अलर्ट, 26 में बाढ़; 4 लाख लोग प्रभावित

देवरिया DM से राजस्व विभाग पहुंची थीं

दिव्या मित्तल को मई में देवरिया के जिलाधिकारी पद से हटाकर राजस्व विभाग में विशेष सचिव बनाया गया था. करीब चार महीने पहले उनका तबादला लखनऊ हुआ था. वह मिर्जापुर, बस्ती और देवरिया की डीएम रह चुकी हैं. सख्त प्रशासनिक छवि के लिए भी उन्हें जाना जाता रहा है.

इस्तीफे के बाद लिखी कविता की पंक्ति

इस्तीफा स्वीकार होने की जानकारी देते हुए दिव्या मित्तल ने कवि जयशंकर प्रसाद के नाटक चंद्रगुप्त की प्रसिद्ध पंक्ति लिखी- “प्रशस्त पुण्य पंथ है, बढ़े चलो, बढ़े चलो.” इस कविता में मातृभूमि और स्वतंत्रता के लिए साहस के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया गया है. दो दिन पहले उन्होंने वैष्णो देवी के दर्शन की तस्वीर भी साझा की थी और लिखा था, “आगे की राह कठिन है… सदबुद्धि देना मां.”

लंदन की नौकरी छोड़कर बनीं IAS

दिव्या मित्तल मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं. उन्होंने IIT दिल्ली से बीटेक और IIM बेंगलुरु से MBA किया. इसके बाद लंदन में नौकरी की, लेकिन लाखों रुपये की नौकरी छोड़कर भारत लौट आईं. उन्होंने पहले प्रयास में UPSC पास कर IPS सेवा हासिल की और अगले प्रयास में IAS बनीं. उनके पास अभी करीब 17 साल की सेवा बाकी थी.

इसे भी पढ़ें- UP Cabinet Meeting: इलाज की टेंशन होगी खत्म! मंगलवार को योगी कैबिनेट ले सकती है PRD जवानों के हक में बड़ा फैसला

पति भी छोड़ चुके हैं सरकारी सेवा

दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह 2011 बैच के भारतीय व्यापार सेवा (ITS) अधिकारी रहे हैं. उन्होंने 2022 में संयुक्त महानिदेशक के पद से इस्तीफा दिया था. इसके बाद उन्होंने ‘न्यूरोकैप’ नाम की कंपनी शुरू की. गगनदीप ने भी UPSC परीक्षा पहले प्रयास में पास की थी. दिव्या के इस्तीफे के बाद अब उनके अगले कदम को लेकर चर्चाएं तेज हैं.