पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी ने अपनी आगामी किताब ‘India and I: A Hundred Memories, Not a Memoir’ में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से जुड़ा एक भावुक प्रसंग साझा किया है। कुरैशी के मुताबिक, 2012 में चुनाव आयोग के खिलाफ कुछ केंद्रीय मंत्रियों की टिप्पणियों से वह आहत थे। जब उन्होंने यह बात तत्कालीन प्रधानमंत्री तक पहुंचाई, तो डॉ. सिंह ने कहा, “अगर आपको ऐसा लगता है, तो मैं आत्महत्या कर लूंगा।”

2012 का पूरा घटनाक्रम

यह मामला 2012 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान सामने आया था। तत्कालीन केंद्रीय कानून मंत्री सलमान खुर्शीद ने मुस्लिम आरक्षण बढ़ाने का चुनावी वादा किया था। भाजपा की शिकायत पर चुनाव आयोग ने इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए खुर्शीद को फटकार लगाई। इसके बाद कांग्रेस के कुछ नेताओं ने चुनाव आयोग को “मनमौजी” और “अहंकारी” बताया।

कुरैशी ने ईद मिलन समारोह में तत्कालीन प्रधानमंत्री के प्रेस सचिव हरीश खरे से अपनी नाराजगी जताई और आग्रह किया कि यह बात प्रधानमंत्री तक पहुंचाई जाए।

PMO से आया बुलावा, भावुक हुए मनमोहन सिंह

कुरैशी लिखते हैं कि अगले ही दिन प्रधानमंत्री कार्यालय से फोन आया और उन्हें उसी शाम प्रधानमंत्री आवास बुलाया गया। वहां डॉ. मनमोहन सिंह स्वयं दरवाजे पर उनका इंतजार कर रहे थे। उन्होंने भावुक होकर कहा, “हरीश ने मुझे बताया कि आपने क्या कहा। अगर आपको ऐसा लगता है, तो मैं आत्महत्या कर लूंगा।”

कुरैशी के अनुसार, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी शिकायत कुछ मंत्रियों के व्यवहार को लेकर थी, प्रधानमंत्री की नीयत पर नहीं। इसके बाद उन्होंने डॉ. सिंह को शांत किया।

‘लोकतंत्र की आत्मा है चुनाव आयोग’

किताब में कुरैशी ने लिखा है कि डॉ. मनमोहन सिंह का मानना था, “चुनाव आयोग सिर्फ भारत का गौरव नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। यदि हम इसकी विश्वसनीयता खो देंगे, तो सब कुछ खो देंगे।” उन्होंने मनमोहन सिंह को ऐसा नेता बताया, जिसके लिए संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा किसी राजनीतिक बहस का नहीं, बल्कि गहरे विश्वास का विषय थी।

किताब में और क्या खास?

भारत के 17वें मुख्य चुनाव आयुक्त रहे एसवाई कुरैशी (30 जुलाई 2010–10 जून 2012) ने इस किताब में अपने प्रशासनिक जीवन के 100 महत्वपूर्ण अनुभवों को साझा किया है। इसमें पंजाब के ड्रग संकट, चुनावी सुधार, मीडिया और प्रशासन से जुड़े कई चर्चित घटनाक्रमों का भी उल्लेख किया गया है। यह किताब जल्द ही बाजार में उपलब्ध होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m