शिवम मिश्रा, रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में पेपर लीक के मामले लगातार बढ़ते जा रहें हैं। बुधवार को लगाए गए पेपर लीक के आरोप में बड़ा अपडेट सामने आया है। बीएससी कृषि प्रथम वर्ष, द्वितीय सेमेस्टर की ‘फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स’ (APB 5121) परीक्षा को विश्वविद्यालय ने निरस्त कर दिया है। यह परीक्षा 19 अगस्त 2026 को आयोजित हुई थी। विश्वविद्यालय की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार, परीक्षा प्रशासनिक कारणों से रद्द की गई है। अब यह परीक्षा सितंबर 2026 के दूसरे सप्ताह में दोबारा आयोजित की जाएगी।

परीक्षा से पहले वायरल हुई थी प्रश्नपत्र की PDF

जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त को सुबह 10 बजे होने वाली ‘फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स’ की परीक्षा से करीब 5 घंटे पहले प्रश्नपत्र की PDF छात्रों के बीच वायरल होने का मामला सामने आया था। वायरल PDF में मौजूद सवालों और परीक्षा में पूछे गए सवालों के एक जैसे होने का दावा किया गया था। PDF में प्रश्नपत्र के तीनों पार्ट के सवाल मौजूद थे। वहीं 6 नंबर वाले लॉन्ग आंसर वाले प्रश्न और उनके उत्तर भी PDF में होने की बात सामने आई थी। मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने जांच के लिए तेलीबांधा पुलिस को पत्र लिखा था।

अब तक तीन परीक्षाएं रद्द

IGKV में पेपर लीक से जुड़े मामले में अब तक कुल तीन परीक्षाएं रद्द की जा चुकी हैं। इससे पहले 7 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि प्रथम वर्ष की प्लांट पैथोलॉजी और 20 अगस्त को आयोजित बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की एंटोमोलॉजी परीक्षा को निरस्त किया गया था। अब 19 अगस्त की ‘फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स’ परीक्षा भी रद्द कर दी गई है।

सितंबर में होंगी दोबारा परीक्षाएं

विश्वविद्यालय प्रबंधन के मुताबिक, निरस्त की गई परीक्षाओं को सितंबर में दोबारा आयोजित किया जाएगा। एंटोमोलॉजी और प्लांट पैथोलॉजी की परीक्षाएं सितंबर के पहले सप्ताह में, जबकि फंडामेंटल्स ऑफ जेनेटिक्स की परीक्षा सितंबर के दूसरे सप्ताह में आयोजित की जाएगी।

विद्यार्थियों को संशोधित परीक्षा कार्यक्रम के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक सूचनाओं और अपने संबंधित कॉलेज या डीन कार्यालय के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पेपर लीक मामले की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल तीसरे पेपर के लीक मामले में प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले छात्रों तक कैसे पहुंचा और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, यह जांच का विषय है। विश्वविद्यालय ने पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस से भी कार्रवाई का अनुरोध किया है। अब पुलिस जांच और विश्वविद्यालय की जांच रिपोर्ट के बाद ही पेपर लीक की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H