फरीदाबाद। लगातार हो रही बारिश का असर अब बिजली व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। भारी वर्षा के कारण सेक्टर-64 स्थित बिजली सब स्टेशन ठप हो गया, जिससे आधा दर्जन से अधिक गांवों में रात से बिजली गुल है। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।

इन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप

सब स्टेशन बंद होने से मलेरना, साहूपुरा, सुनपेड़, सागरपुर, डीग, डीग माजरा और प्रहलादपुर गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है। लगातार बिजली कटौती के चलते इनवर्टर भी जवाब दे चुके हैं, जिससे लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।

पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित

बिजली नहीं होने के कारण गांवों में पेयजल आपूर्ति भी बाधित रही। लगातार बारिश के चलते दिन में भी बिजली बहाल होने की संभावना कम जताई जा रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश से किसानों को राहत भी, चिंता भी

लगातार वर्षा से खेतों में पर्याप्त जलभराव होने के कारण किसान धान की रोपाई में जुट गए हैं। हालांकि, अधिक पानी भरने से घीया, तोरई, करेला, खीरा, टिंडा, पेठा और परवल जैसी बेल वाली सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बढ़ गई है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर उठाए सवाल

ग्रामीण रूप सिंह और श्याम सिंह ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग पूरे साल मरम्मत के नाम पर कटौती करता रहता है, लेकिन हल्की तेज हवा या बारिश में भी लाइन और सब स्टेशन ठप हो जाते हैं। उनका कहना है कि बार-बार बिजली कटने के बावजूद उपभोक्ताओं को हजारों रुपये के बिजली बिल चुकाने पड़ते हैं।

क्या बोला बिजली विभाग?

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपमंडल अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सेक्टर-64 का बिजली सब स्टेशन रात से बंद पड़ा है। मौसम सामान्य होने पर तकनीकी टीम मरम्मत कार्य करेगी, जिसके बाद ही बिजली आपूर्ति बहाल की जाएगी।