सत्या राजपूत, रायपुर। लल्लूराम डॉट कॉम की खबर का बड़ा असर हुआ है। खबर के बाद शिक्षा विभाग तत्काल हरकत में आया और रविवार छुट्टी के दिन भी सरकारी कार्यालय खुले। अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल की समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई करते 16 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की। पहला किश्त 6 लाख रुपए तुरंत जारी भी कर दिया गया है। पूरा मामला आरंग विधानसभा के ग्राम कोसरंगी का है। यहां नवीन प्राथमिक शाला का भवन नहीं होने से बच्चे निर्माणाधीन सामुदायिक भवन के सहारे पढ़ रहे हैं, जहां चाराें तरफ खुला हुआ है। वहीं पर तालाब भी है।

जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एमजी नायर ने बताया कि लल्लूराम डॉट कॉम पर प्रकाशित खबर पर संज्ञान लेते हुए तत्काल ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को जांच के निर्देश दिए। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद स्कूल के लिए दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए 16 लाख रुपये की स्वीकृति जारी कर दी गई है। निर्माण कार्य 6 महीने के भीतर पूरा करना होगा। उन्होंने बताया कि रविवार को ही एक समिति का गठन कर स्कूल का औचक निरीक्षण कराया। समिति ने भी अपनी जांच में खबर में उठाए गए मुद्दों की पुष्टि की और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की अनुशंसा की।

इसे भी पढ़ें – ग्राउंड रिपोर्ट – ये है मंत्री के इलाके का हाल : पुराने भवन को तोड़ने के दो साल बाद भी नहीं बना नया स्कूल भवन, तालाब, बंदर और सांप के डर के बीच पढ़ रहे बच्चे

अधोसंरचना विकास के लिए डीपीआई को भेजा गया प्रस्ताव

डीईओ एमजी नायर ने कहा कि अतिरिक्त कक्ष बनने के बाद विद्यार्थियों को भवन संबंधी किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। साथ ही स्कूल के अधोसंरचना विकास के लिए डीपीआई को प्रस्ताव भी भेजा गया है, ताकि भविष्य में स्कूल परिसर में खेल मैदान, शौचालय, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है। आने वाले समय में स्कूल को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर माहौल मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m