सुशीला देवी, गुरुग्राम। तेज बारिश के चलते गुरुग्राम में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) पर नरसिंहपुर के पास दिल्ली से जयपुर जाने वाली मुख्य सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसने की घटना के बाद यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने तुरंत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।


पुलिस के अनुसार, दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाले वाहन चालक राजीव चौक से बाएं मुड़कर एसपीआर (SPR) रोड का इस्तेमाल करें। वहीं हीरो होंडा चौक से भी बाएं मुड़कर एसपीआर रोड के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा दिल्ली से आने वाले वाहन चालक द्वारका एक्सप्रेसवे का उपयोग कर भी अपने गंतव्य की ओर जा सकते हैं।


गुरुग्राम पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे धंसे हुए मार्ग की ओर जाने से बचें, ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित दूरी बनाकर वाहन चलाएं। पुलिस ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित प्रशासन से तत्काल संपर्क किया गया है और मार्ग को जल्द से जल्द दुरुस्त कराने के प्रयास जारी हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रैफिक अपडेट अवश्य देखें।