केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत कक्षा 9 और 10 के भाषा ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। बोर्ड के 10 जुलाई को जारी सर्कुलर के मुताबिक, शैक्षणिक सत्र 2027-28 से कक्षा 10 के छात्रों के लिए तीसरी भाषा (R3) का स्कूल-आधारित इंटरनल असेसमेंट पास करना अनिवार्य होगा। इस असेसमेंट को पास किए बिना छात्र को 10वीं का पास सर्टिफिकेट (Secondary School Examination Pass Certificate) जारी नहीं किया जाएगा।
बोर्ड परीक्षा नहीं होगी, लेकिन इंटरनल असेसमेंट पास करना होगा
CBSE ने स्पष्ट किया है कि तीसरी भाषा की कोई अलग बोर्ड परीक्षा नहीं होगी। इसका मूल्यांकन स्कूल स्तर पर इंटरनल असेसमेंट के माध्यम से किया जाएगा। यदि कोई छात्र इसमें असफल होता है, तो बोर्ड परिणाम घोषित होने से पहले स्कूल को उसका दोबारा असेसमेंट कराना होगा। हालांकि, बोर्ड ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि री-असेसमेंट में भी असफल रहने वाले छात्रों के साथ क्या प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
कक्षा 9 के छात्रों को मिलेगी राहत
सत्र 2026-27 में कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए नियम थोड़ा अलग होगा। यदि कोई छात्र 9वीं में तीसरी भाषा के इंटरनल असेसमेंट में फेल हो जाता है, तो उसे 10वीं में प्रमोट कर दिया जाएगा। लेकिन 10वीं का पास प्रमाणपत्र प्राप्त करने से पहले उसे यह लंबित असेसमेंट अनिवार्य रूप से पास करना होगा।
कक्षा 6 से लागू होगा थ्री-लैंग्वेज फॉर्मूला
CBSE ने इससे पहले 29 जून को जारी सर्कुलर में घोषणा की थी कि 2026-27 से कक्षा 6 से ही थ्री-लैंग्वेज फॉर्मूला लागू होगा। इसके तहत छात्रों को तीन भाषाएं पढ़नी होंगी, जिनमें कम से कम दो भारतीय भाषाएं होना अनिवार्य है। जिन छात्रों ने पहले से विदेशी भाषा चुनी है, वे उसे जारी रख सकते हैं, लेकिन उन्हें एक अतिरिक्त भारतीय भाषा भी पढ़नी होगी।
सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला
नई भाषा नीति को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। याचिकाकर्ताओं ने तीसरी भाषा को अनिवार्य करने के फैसले को 2029-30 तक टालने की मांग की है। वहीं, केंद्र सरकार ने अपने हलफनामे में कहा है कि शिक्षा समवर्ती सूची का विषय है और NEP-2020 के तहत बहुभाषावाद, भारतीय भाषाओं के संरक्षण, संज्ञानात्मक विकास और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देने के लिए यह कदम आवश्यक है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

