जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में रेलवे ट्रैक और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए संयुक्त रोलिंग ब्लॉक लिया जा रहा है। 31 अगस्त से 5 सितंबर तक चलने वाले इस ब्लॉक के दौरान इंजीनियरिंग, टीआरडी और सिग्नल एवं टेलीकॉम विभाग की ओर से अलग-अलग विकास और रखरखाव कार्य किए जाएंगे।
मेंटेनेंस कार्यों का असर आद्रा मंडल से गुजरने वाली कई लोकल और पैसेंजर ट्रेनों पर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहले ही रद्द और प्रभावित ट्रेनों की जानकारी जारी कर दी है।
चार जोड़ी MEMU का परिचालन रद्द
रोलिंग ब्लॉक के दौरान अलग-अलग तारीखों पर चार जोड़ी MEMU ट्रेनों को रद्द किया गया है। प्रभावित सेवाओं में आसनसोल-आद्रा-आसनसोल, आद्रा-मिदनापुर-आद्रा, आद्रा-विष्णुपुर-आद्रा और आसनसोल-पुरुलिया-आसनसोल रूट की ट्रेनें शामिल हैं।इन ट्रेनों के रद्द होने से इन मार्गों पर नियमित सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।
टाटानगर जाने वाली MEMU आद्रा तक ही चलेगी
टाटानगर रूट के यात्रियों पर भी इसका असर पड़ेगा। रेलवे के अनुसार आसनसोल-टाटानगर-आसनसोल MEMU (68055-68056) को 31 अगस्त, 3 सितंबर और 5 सितंबर को आद्रा तक ही चलाया जाएगा।
इन तारीखों पर ट्रेन आद्रा में ही समाप्त होगी और वापसी यात्रा भी यहीं से शुरू होगी। यानी आद्रा से टाटानगर के बीच ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं होगी।
अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव
रोलिंग ब्लॉक के कारण चक्रधरपुर, गोमो, बोकारो, हटिया और पुरुलिया से जुड़े कुछ अन्य रेल मार्गों पर चलने वाली पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में भी अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
रेलवे का कहना है कि ब्लॉक के दौरान किए जाने वाले कार्य रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और बेहतर बनाने के लिहाज से जरूरी हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि निर्धारित तारीखों में यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी जरूर ले लें।


