गुजरात के Morbi इलाके से मानवता को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां आर्थिक तंगी और किराया न चुका पाने की मजबूरी के बीच एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी और नाबालिग बेटी को कथित तौर पर मकान मालिक के हवाले कर दिया। आरोप है कि इसके बाद मकान मालिक ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर महिला और उसकी 13 वर्षीय बेटी के साथ कई बार दुष्कर्म किया।

क्या है पूरा मामला ?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूरा मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर पति और मकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पत्नी की शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 1 मई को मोरबी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब छह महीने पहले परिवार रोजगार की तलाश में मोरबी आया था। पति ने 2,000 रुपये मासिक किराए पर एक मकान लिया था, लेकिन स्थायी काम न मिलने के कारण वह लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहा था और किराया चुकाने में असमर्थ हो गया।

पति ने बीवी और बेटी को मकान मालिक को सौंपा

आरोप है कि इसी का फायदा उठाते हुए मकान मालिक ने पति की सहमति से नाबालिग बच्ची का यौन शोषण किया। पीड़िता के अनुसार, आरोपी मकान मालिक और उसका रिश्तेदार महिला और उसकी बेटी को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म करते रहे। वारदातें कभी आरोपी के घर, कभी किराए के मकान और कभी टंकारा क्षेत्र में अंजाम दी गईं।

पति, मकान मालिक और उसके रिश्तेदार के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने महिला के पति, मकान मालिक और उसके रिश्तेदार के खिलाफ Bharatiya Nyaya Sanhita और POCSO Act के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी मकान मालिक को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इससे पहले पीड़िता के पति को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मोरबी सिटी ‘ए’ डिवीजन के पुलिस निरीक्षक Y. B. Jadeja ने बताया कि मामले में फरार रिश्तेदार और अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस ने पीड़ितों और आरोपियों की मेडिकल जांच भी पूरी कर ली है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m