IND vs AFG 1st T20I: भारत और अफगानिस्तान के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज का आगाज होने जा रहा है। आज पहला मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यह सीरीज भले ही भारत में खेली जा रही है, लेकिन अफगानिस्तान इस सीरीज का मेजबान है। बीसीसीआई ने इस सीरीज के लिए अरुण जेटली स्टेडियम अफगानिस्तान को होमग्राउंड के तौर पर दिया है।
बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 7:30 बजे से शुरू होगा। जबकि, टॉस आधा घंटा पहले 7 बजे होगा। मुकाबले से पहले आइए पिच रिपोर्ट, हेड टू हेड आंकड़े और दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी सभी अहम अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
भारत का पलड़ा भारी, अफगानिस्तान को पहली जीत की तलाश

भारत और अफगानिस्तान के बीच 2010 से अब तक कुल 9 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 7 मैच जीते हैं। एक मुकाबला बेनतीजा रहा, जबकि एक मैच टाई हुआ था। टाई मुकाबले का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जिसमें भारत ने जीत दर्ज की।
इस तरह टी20 इंटरनेशनल में अफगानिस्तान अब तक भारत को हराने में सफल नहीं हुआ है। हालांकि अफगान टीम की मौजूदा टीम में कई अनुभवी और मैच का रुख बदलने वाले खिलाड़ी मौजूद हैं, इसलिए सीरीज में भारतीय टीम को चुनौती मिलने की उम्मीद है।
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला मुकाबला अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। यहां काली मिट्टी की पिच पर मुकाबला होने की उम्मीद है। कोटला की पिच को आम तौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल माना जाता है। हाल ही में दिल्ली प्रीमियर लीग के मुकाबलों में भी इस मैदान पर हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिले थे।
मैदान की बाउंड्री अपेक्षाकृत छोटी हैं। स्क्वायर बाउंड्री करीब 65 मीटर, जबकि स्ट्रेट बाउंड्री लगभग 68 मीटर की है। तेज आउटफील्ड बल्लेबाजों के लिए अतिरिक्त फायदा दे सकती है।
पिच पर अच्छा उछाल मिलने की उम्मीद है और नई गेंद के बल्ले पर आसानी से आने की संभावना है। ऐसे में पावरप्ले के दौरान बल्लेबाज तेजी से रन बटोर सकते हैं। शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों को हल्की स्विंग जरूर मिल सकती है, लेकिन मुकाबला आगे बढ़ने के साथ पिच के सपाट होने की उम्मीद है।
सूखी सतह होने पर बीच के ओवरों में स्पिन गेंदबाजों को थोड़ी ग्रिप मिल सकती है। हालांकि कुल मिलाकर अरुण जेटली स्टेडियम को टी20 के लिए हाई स्कोरिंग मैदान माना जाता है।
T20I में यहां पहली पारी का औसत स्कोर करीब 164 से 170 रन के बीच रहा है। इस मैदान पर अब तक 15 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें 10 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है।
अरुण जेटली स्टेडियम में सबसे बड़ा टी20 इंटरनेशनल स्कोर 221/9 है, जो भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ बनाया था। वहीं, सबसे कम स्कोर 120 रन का है, जो श्रीलंका के नाम दर्ज है। इस मैदान पर सबसे सफल रन चेज 212/3 का है, जिसे दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ हासिल किया था।
शाम के मुकाबले में ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है। ऐसे में टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकता है। अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है तो 180 रन से ज्यादा का स्कोर बन सकता है।
एशियन गेम्स से पहले अहम होगी सीरीज
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की यह सीरीज भारतीय टीम के लिए एशियन गेम्स से पहले काफी अहम मानी जा रही है। सीरीज के तीन मुकाबले खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट से पहले जरूरी मैच प्रैक्टिस देने के साथ टीम संयोजन को परखने का मौका भी देंगे।
टीम मैनेजमेंट के पास अलग-अलग खिलाड़ियों को आजमाने और बड़े टूर्नामेंट से पहले अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने का भी मौका होगा।
भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज के लिए दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत का स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, शिवम दुबे, ईशान किशन (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, वरुण चक्रवर्ती, वाशिंगटन सुंदर, यश ठाकुर।
अफगानिस्तान का स्क्वॉड
इब्राहिम जादरान (कप्तान), दारविश रसूली, नूर उल रहमान, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजइ, राशिद खान, मोहम्मद नबी, गुलबदिन नायब, नांगेलिया खरोटे, अब्दुल्लाह अहमदजइ, फजलहक फारूकी, नवीनुल हक, मुजीबुर रहमान, नूर अहमद।
भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज लाइव कहां देखें?
भारत और अफगानिस्तान के बीच 2026 की टी20 सीरीज की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode पर उपलब्ध होगी। भारत में मुकाबलों का लाइव टेलीकास्ट Sony Sports Ten 5 चैनल पर किया जाएगा।
भारत-अफगानिस्तान T20 सीरीज का पूरा शेड्यूल
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज के तीनों मुकाबले अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली में खेले जाएंगे।
पहला टी20: 13 सितंबर 2026
दूसरा टी20: 15 सितंबर 2026
तीसरा टी20: 17 सितंबर 2026
सीरीज का पहला मुकाबला दोनों टीमों के लिए अहम होगा। एक तरफ भारतीय टीम एशियन गेम्स से पहले अपनी तैयारियों को मजबूत करना चाहेगी, वहीं अफगानिस्तान अपने होमग्राउंड के तौर पर मिले दिल्ली के मैदान का फायदा उठाकर सीरीज में मजबूत शुरुआत करना चाहेगा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



