IND vs AFG Test: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। न्यू चंढीगढ़ के महाराज यदविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और टीम ने दिन का खेल समाप्त होने तक 3 विकेट के नुकसान पर 368 रन बना लिए। कप्तान शुभमन गिल 103 रन और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर नाबाद लौटे।
पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। केएल राहुल और शुभमन गिल ने शतक जड़े, जबकि साई सुदर्शन और ऋषभ पंत ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
जायसवाल जल्दी लौटे, राहुल-सुदर्शन ने संभाली पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल 32 गेंदों में 24 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उस समय टीम का स्कोर 41 रन था।

इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 139 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने अफगान गेंदबाजों को जमने का मौका नहीं दिया और लगातार रन बटोरते रहे।
सुदर्शन ने 104 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 13 चौके शामिल थे। उन्हें मोहम्मद सलीम सफी ने आउट किया। इसी गेंदबाज ने यशस्वी जायसवाल का विकेट भी लिया था।
राहुल ने जड़ा करियर का 12वां टेस्ट शतक
सुदर्शन के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने केएल राहुल का अच्छा साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े।

राहुल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का 12वां शतक पूरा किया। उन्होंने 165 गेंदों में 100 रन बनाए, जिसमें 11 चौके शामिल रहे। हालांकि शतक पूरा करने के बाद वह बड़ी पारी नहीं खेल सके और जियाउर रहमान शरीफी की गेंद पर विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज को कैच दे बैठे।
गिल का शतक, पंत की आक्रामक बल्लेबाजी
राहुल के आउट होने के बाद ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने अपने अंदाज में तेजी से रन बनाए। पंत ने अब्दुल मलिक के एक ओवर में तीन छक्के जड़कर मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया।

दूसरी ओर कप्तान शुभमन गिल ने शानदार संयम दिखाते हुए 138 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का 11वां शतक पूरा किया। गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए अफगान गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया।

दिन का खेल समाप्त होने से ठीक पहले ऋषभ पंत ने भी 70 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। गिल और पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 121 रन की नाबाद साझेदारी हो चुकी है।
पहले दिन भारत पूरी तरह मजबूत स्थिति में
पहले दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 3 विकेट पर 368 रन बना लिए थे। शुभमन गिल 103 रन और ऋषभ पंत 50 रन बनाकर नाबाद हैं। दूसरे दिन भारतीय टीम की कोशिश विशाल स्कोर खड़ा करने की होगी, जबकि अफगानिस्तान जल्द से जल्द भारतीय बल्लेबाजों को आउट कर वापसी करना चाहेगा।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत
केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वॉशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान
सेदीकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हश्मतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर रहमान शरीफी और मोहम्मद सलीम सफी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

