IND vs BAN Women’s T20 Asia Cup 2026: महिला टी20 एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारत और बांग्लादेश की महिला टीमें आमने-सामने हैं। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 149 रन बनाए। अब बांग्लादेश को सेमीफाइनल मुकाबला जीतने के लिए 150 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।
शेफाली वर्मा ने जड़ा शानदार अर्धशतक
भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 64 रन की पारी खेली। उनकी पारी ने भारतीय स्कोर को चुनौतीपूर्ण स्थिति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
शेफाली के अलावा कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 24 रन, ऋचा घोष ने 21 रन, प्रतीक रावल ने 20 रन और दीप्ति शर्मा ने 13 रन का योगदान दिया।
सुल्ताना खातून ने झटके 2 विकेट
बांग्लादेश की गेंदबाजी में सुल्ताना खातून सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने भारत के दो बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। उनके अलावा राबेया खान, मारूफा अख्तर और नाहिदा अख्तर को 1-1 विकेट मिला।
भारतीय बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही रन गति बनाए रखने की कोशिश की, लेकिन बांग्लादेशी गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट निकालकर भारत को बड़े स्कोर से रोकने में सफलता हासिल की।
भारत बनाम बांग्लादेश हेड टू हेड में किसका पलड़ा भारी?

महिला टी20 इंटरनेशनल में भारत का बांग्लादेश के खिलाफ रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 24 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें भारतीय टीम ने 21 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं, बांग्लादेश की टीम को सिर्फ 3 मुकाबलों में जीत मिली है।
इतना ही नहीं, भारत पिछले 8 महिला टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में बांग्लादेश के खिलाफ अजेय रहा है। बांग्लादेश ने आखिरी बार 13 जुलाई 2023 को भारत को शिकस्त दी थी।
अब तक अजेय है भारतीय टीम
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने ग्रुप ए में अपने तीनों मुकाबले जीतकर 6 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था। भारत ने ग्रुप चरण में थाईलैंड, हांगकांग और पाकिस्तान को शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
तीनों मुकाबलों में जीत के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है और अब उसकी नजर खिताबी मुकाबले में जगह बनाने पर है।
बांग्लादेश ने भी किया शानदार प्रदर्शन
दूसरी ओर, बांग्लादेश ने टूर्नामेंट की शुरुआत इंडोनेशिया के खिलाफ 71 रन की बड़ी जीत के साथ की थी। हालांकि, दूसरे मुकाबले में उसे श्रीलंका के हाथों चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
इसके बाद बांग्लादेश ने शानदार वापसी करते हुए UAE के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबला अपने नाम किया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 103 रन बनाए थे। इसके जवाब में UAE की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 69 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने ग्रुप बी में दूसरा स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।
भारत और बांग्लादेश की प्लेइंग 11
भारत की प्लेइंग 11
शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतीक रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), प्रेमा रावत, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा
बांग्लादेश की प्लेइंग 11
दिलारा अख्तर, जुएरिया फिरदौस, सोभाना मोस्तरी, निगार सुल्ताना (विकेटकीपर/कप्तान), शर्मिन अख्तर, शोरना अख्तर, फहीमा खातून, नाहिदा अख्तर, राबेया खान, सुल्ताना खातून, मारूफा अख्तर
कहां देख सकेंगे लाइव मैच?
भारत और बांग्लादेश के बीच महिला टी20 एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के Sony TEN 1 और Sony TEN 3 चैनलों पर किया जा रहा है। इसके अलावा, DD Free Dish यूजर्स इस मुकाबले को DD Sports चैनल पर भी लाइव देख सकते हैं। वहीं, मैच की ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग SonyLIV ऐप पर उपलब्ध है। फैंस SonyLIV पर लॉगिन कर भारत-बांग्लादेश के बीच होने वाले इस अहम सेमीफाइनल मुकाबले का सीधा आनंद ले सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



