IND vs ENG 2nd T20I: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज का दूसरा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी कर रहे हैं डेब्यू
इस मुकाबले की सबसे बड़ी चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू की रही। आज उन्हें तिलक वर्मा ने डेब्यू कैप सौंपी, जिसके साथ ही वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। दूसरी ओर इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की वापसी कराई है, जबकि जोश टंग को टी20 इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिला है।
भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी20 मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। मुकाबले से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, प्लेइंग-11, पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम आयरलैंड के खिलाफ 2-0 की सीरीज हार के बाद इस दौरे पर अपनी पहली जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। वहीं, हैरी ब्रूक की अगुवाई वाली इंग्लैंड की टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर जीत के साथ सीरीज में बढ़त बनाने की कोशिश करेगी। ऐसे में दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। भारत और इंग्लैंड के बीच इस सीरीज का यह दूसरा मैच है, चेस्टर-ले-स्ट्रीट में खेला गया सीरीज का पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
भारत बनाम इंग्लैंड हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा भारी?

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में भारत का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 31 टी20 इंटरनेशनल खेले गए हैं। इनमें भारत ने 18 और इंग्लैंड ने 12 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। इंग्लैंड में दोनों टीमों के बीच 10 मुकाबले हुए हैं। यहां इंग्लैंड ने 5 और भारत ने 4 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा।
ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड की पिच रिपोर्ट

मैनचेस्टर का ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड पारंपरिक रूप से गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है। यहां तेज गेंदबाजों के साथ-साथ स्पिनर्स को भी अच्छी सहायता मिलती है। मौजूदा मौसम को देखते हुए भी गेंदबाजों को अतिरिक्त फायदा मिलने की संभावना है, क्योंकि मैच के दौरान 25 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होगा।
हालांकि, यह मैदान केवल गेंदबाजों के लिए ही नहीं जाना जाता। यदि बल्लेबाज शुरुआती चुनौती पार कर लें, तो वे यहां बड़े स्कोर भी खड़े कर सकते हैं। ओल्ड ट्रैफर्ड में अब तक 13 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 3 मैच बारिश के कारण रद्द हो गए। खेले गए 10 मुकाबलों में 6 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत दर्ज की है।
इस मैदान पर पिछला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला गया था, जिसमें इंग्लैंड ने 304 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। यह टी20 इंटरनेशनल इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा टीम टोटल है। इंग्लैंड ने वह मुकाबला 146 रनों के बड़े अंतर से अपने नाम किया था।
भारत और इंग्लैंड की प्लेइंग-11

भारत की प्लेइंग-11
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती
इंग्लैंड की प्लेइंग-11
फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियम डॉसन, आदिल रशीद, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग।
India vs England 2nd T20 Live Streaming: भारत में कब, कहाँ और कैसे देखें लाइव मैच?
भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग भारत में जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। अगर आप अपने मोबाइल, लैपटॉप या स्मार्ट टीवी पर ऑनलाइन मैच देखना चाहते हैं, तो जियोहॉटस्टार पर लॉग इन करके मुकाबले का सीधा प्रसारण देख सकते हैं। यहां दर्शकों को हिंदी, अंग्रेजी समेत कई अन्य भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी मिलेगा।
वहीं, अगर आप इस मुकाबले का आनंद टीवी पर लाइव लेना चाहते हैं, तो मैच का प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जाएगा। अलग-अलग चैनलों पर दर्शकों को अपनी पसंदीदा भाषा में कमेंट्री सुनने का विकल्प मिलेगा। इस सीरीज के डिजिटल स्ट्रीमिंग अधिकार जियोस्टार के पास हैं, जबकि टेलीविज़न प्रसारण (Linear TV Rights) का अधिकार सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है।
भारत-इंग्लैंड टी20 सीरीज 2026 का आगामी शेड्यूल
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और चौथा मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 10:00 बजे, जबकि दूसरा और पांचवां टी20 शाम 7:00 बजे खेला जाएगा। सीरीज का पूरा कार्यक्रम इस प्रकार है—
7 जुलाई (मंगलवार): तीसरा टी20, नॉटिंघम — रात 10:00 बजे
9 जुलाई (गुरुवार): चौथा टी20, ब्रिस्टल — रात 10:00 बजे
11 जुलाई (शनिवार): पांचवां टी20, साउथेम्प्टन — शाम 7:00 बजे
टी20 सीरीज के लिए भारत का स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा और सूर्यांश शेडगे।
टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड का स्क्वॉड
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जॉस बटलर, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टंग और ल्यूक वुड।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

