IND-W vs PAK-W, Women’s T20 World Cup 2026: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का रोमांच शुरू हो चुका है। 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में खेले जा रहे टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से करेगी। दोनों टीमों के बीच यह बहुप्रतीक्षित मैच 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाएगा। मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर से एक ऐसा सवाल पूछा गया, जिसने क्रिकेट जगत में चर्चा छेड़ दी।

बता दें कि हरमनप्रीत कौर से पूछा गया कि क्या भारतीय टीम पाकिस्तान की खिलाड़ियों से मुकाबले के दौरान या बाद में हाथ मिलाएगी? इस पर हरमनप्रीत ने बेहद स्पष्ट और संतुलित जवाब देते हुए कहा कि उनकी टीम यहां सिर्फ क्रिकेट खेलने आई है और उसका पूरा फोकस खेल पर है।

“हम यहां क्रिकेट के लिए हैं”

हरमनप्रीत कौर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हम यहां क्रिकेट के लिए हैं और हम किसी दूसरी चीज के बारे में बात नहीं करते हैं।” उनके इस बयान से साफ संकेत मिला कि भारतीय टीम का ध्यान केवल मैदान पर प्रदर्शन करने और जीत हासिल करने पर है।

गौरतलब है कि भारतीय महिला और पुरुष टीमों ने 2025 में खेले गए एशिया कप के बाद से पाकिस्तान के खिलाड़ियों के साथ पारंपरिक हैंडशेक से दूरी बनाई हुई है। इसके अलावा राइजिंग स्टार्स एशिया कप, अंडर-19 एशिया कप और अंडर-19 विश्व कप जैसे टूर्नामेंटों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था।

दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2025 महिला वनडे विश्व कप में कोलंबो में हुई थी। उस मुकाबले में भी भारतीय खिलाड़ियों ने मैच के बाद पाकिस्तानी टीम से हाथ नहीं मिलाया था, जिसके बाद यह मुद्दा चर्चा का विषय बना था।

जीत के साथ अभियान शुरू करने पर नजर

टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का लक्ष्य जीत के साथ अपने अभियान का आगाज करना होगा। पाकिस्तान के खिलाफ आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय टीम का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है।

भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 16 महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मुकाबलों में सफलता मिली है।

वहीं महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में दोनों टीमों का आमना-सामना 8 बार हुआ है। इनमें से 6 मैच भारत ने जीते हैं, जबकि पाकिस्तान केवल 2 बार जीत हासिल कर सका है।

ऐसे में एजबेस्टन में होने वाले इस महामुकाबले में भारतीय टीम मजबूत दावेदार के रूप में मैदान पर उतरेगी। कप्तान हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम की कोशिश होगी कि वह पाकिस्तान को हराकर विश्व कप अभियान का शानदार आगाज करें और टूर्नामेंट में अपने इरादे स्पष्ट कर दें।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H