IND-W vs PAK-W, Women’s T20 World Cup 2026: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए है। अब पाकिस्तान को जीत के लिए 171 रन का लक्ष्य हासिल करना होगा।
एजबेस्टन स्टेडियम में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा पारी के पहले ही ओवर में आउट होकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद उपकप्तान स्मृति मंधाना ने जिम्मेदारी संभाली और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को आगे बढ़ाया।
हालांकि दूसरे छोर पर विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। भारती फुलमाली के आउट होने के बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी महज 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पारी को संभालते हुए टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। वह 14वें ओवर में आउट हुईं। वहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन का योगदान दिया और 17वें ओवर में अपना विकेट गंवाया। पारी के अंतिम ओवरों में ऋचा घोष ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 34 रन जोड़े। दीप्ति शर्मा 12 और श्रेयंका पाटिल 1 रन बनाकर नाबाद रहीं।
सादिया और फातिमा ने झटके दो-दो विकेट
पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में सादिया इकबाल और कप्तान फातिमा सना सबसे सफल रहीं। दोनों गेंदबाजों ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा रमीन शमीम और तस्मिया रुबाब को 1-1 विकेट मिला।
भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया है और अब पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए 171 रन बनाने होंगे।
भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत
स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़
पाकिस्तान
गुल फ़िरोज़ा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), आयशा ज़फर, सायरा जबीन, आलिया रियाज़, नतालिया परवेज़, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नशरा संधू, तस्मिया रुबाब, सादिया इकबाल
कहां देख सकेंगे मैच का लाइव प्रसारण और स्ट्रीमिंग

भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर किया जा रहा है। वहीं मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्शक जियो हॉटस्टार ऐप के जरिए मैच की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।
Women’s T20 World Cup 2026 में 12 टीमों के बीच होगी खिताबी जंग
बता दें कि इस बार महिला टी20 विश्व कप का आयोजन इंग्लैंड और वेल्स में किया जा रहा है। टूर्नामेंट का यह 10वां संस्करण कई मायनों में ऐतिहासिक है, क्योंकि पहली बार 12 टीमें खिताब की दौड़ में हिस्सा ले रही हैं। 12 जून से शुरू हुए इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा।
पहली बार 12 टीमों के बीच खिताब की जंग

टूर्नामेंट में कुल 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स शामिल हैं। वहीं ग्रुप-बी में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड और स्कॉटलैंड की टीमें हैं।

भारतीय टीम 2025 महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीतकर इस टूर्नामेंट में उतर रही है। ऐसे में कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम से प्रशंसकों को बड़ी उम्मीदें हैं। टीम इंडिया अब तक एक बार महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है, लेकिन खिताब जीतने में सफल नहीं हो सकी है।
आसान नहीं होगा ट्रॉफी तक का सफर
ग्रुप-ए में भारतीय टीम के सामने छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया और मजबूत दक्षिण अफ्रीका जैसी टीमों की चुनौती होगी। इसके अलावा बांग्लादेश और नीदरलैंड्स जैसी टीमों को भी हल्के में नहीं लिया जा सकता। यदि भारत को पहली बार महिला टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीतनी है तो उसे ग्रुप चरण से लेकर नॉकआउट तक लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।
भारत का पूरा ग्रुप चरण का पूरा शेड्यूल

14 जून – भारत बनाम पाकिस्तान, बर्मिंघम
17 जून – भारत बनाम नीदरलैंड्स, लीड्स
21 जून – भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, मैनचेस्टर
25 जून – भारत बनाम बांग्लादेश, मैनचेस्टर
28 जून – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, लंदन
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

