IND W vs ZIM W 3rd ODI: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे वनडे में 8 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर लिया। वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 39.5 ओवर में 131 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में भारतीय टीम ने 17 ओवर में 2 विकेट खोकर 133 रन बनाते हुए आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारत की जीत में गेंदबाज वैष्णवी शर्मा के बाद सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल और शेफाली वर्मा ने अहम भूमिका निभाई। वैष्णवी ने पहली पारी में पांच विकेट लेकर जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रतिका और शेफाली ने नाबाद अर्धशतक लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
प्रतिका और शेफाली ने दिलाई आसान जीत

132 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को प्रतिका रावल और शेफाली वर्मा ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक जमाए और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। प्रतिका 59 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि शेफाली ने नाबाद 51 रन की पारी खेली। हरलीन देओल ने भी 19 रन का योगदान दिया।

भारतीय टीम ने महज 17 ओवर में 2 विकेट खोकर 133 रन बना लिए और मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। जिम्बाब्वे की ओर से लोरिन फिरी और नोमवेलो सिबांदा को एक-एक विकेट मिला।
वैष्णवी शर्मा ने झटके पांच विकेट
इससे पहले टॉस जीतकर जिम्बाब्वे की कप्तान जोसेफिन नकोमो ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने का मौका नहीं दिया।

भारतीय स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट अपने नाम किए। क्रांति गौड़ और सयाली सातघरे को भी एक-एक विकेट मिला। जिम्बाब्वे की ओर से मोडेस्टर मुपाचिकवा ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए, जबकि कप्तान जोसेफिन नकोमो ने 35 रन की पारी खेली। चिएद्जा धुरुरु ने 20 और न्याशा ग्वानजुरा ने 10 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकीं और पूरी टीम 131 रन पर ऑलआउट हो गई।
टी20 के बाद वनडे सीरीज में भी क्लीन स्वीप
भारतीय महिला टीम ने इस जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। इससे पहले भारत ने टी20 सीरीज में भी जिम्बाब्वे को 3-0 से हराया था। इस तरह भारतीय टीम ने दोनों प्रारूपों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखा।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

