राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार रात 8 बजे इंडी गठबंधन के नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल से मिलने के लिए राजी हो गई हैं। जानकारी के मुताबिक, विपक्षी गठबंधन ने भारत निर्वाचन आयोग (ECI) से जुड़ी अपनी चिंताओं के बारे में राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा था। विपक्षी ब्लॉक के राष्ट्रपति के सामने यह मुद्दा उठाने के अनुरोध के बाद राष्ट्रपति भवन ने यह बैठक रात 8 बजे तय की है।
सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रपति से मिलने वाले INDIA ब्लॉक के प्रतिनिधिमंडल में 10 से अधिक मेंबर्स हिस्सा लेने वाले है. इनमें से छह नेताओं के नाम तय हो चुके हैं, जबकि बाकी सदस्यों के नामों पर अभी विचार चल रहा है. इस प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, सीपीआईएम नेता एमए बेबी और समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय शामिल होंगे. बता दें कि अखिलेश यादव इस दल में शामिल नहीं हो रहे हैं.
अखिलेश यादव की जगह राजीव राय होंगे शामिल
सूत्रों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव फिलहाल दिल्ली में नहीं हैं. ऐसे में उनकी पार्टी की ओर से राजीव राय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे. बाकी नेताओं के नाम तय करने के लिए विपक्षी दलों के बीच तालमेल किया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, INDIA ब्लॉक के नेता पहले संसद के सेंट्रल हॉल में इकट्ठा होंगे. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल के बाकी सदस्यों और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अंतिम फैसला किया जाएगा.
SIR के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेता लगातार देश की राजधानी दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं. विपक्ष के नेताओं की डिमांड है कि चुनाव आयोग के चीफ ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें. विपक्ष ने CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ SIR में हो रही गड़बड़ी को लेकर आरोप लगाए हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

