India Bloc Meeting Today: दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की ‘महाबैठक’ आज होगी। INDIA ब्लॉक की अहम बैठक में चुनाव आयोग की भूमिका, SIR और सीईसी ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्षी दलों की आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। कांग्रेस की कोशिश है कि सभी विपक्षी दलों को एक साथ लाकर चुनाव आयोग की भूमिका, वोटर लिस्ट से नाम हटाए जाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर साझा रणनीति बनाई जाए।

हालांकि SIR और सीईसी ज्ञानेश कुमार पर भी विपक्षी एकता की तस्वीर के कुछ अलग-अलग रंग सामने आने लगे हैं। यहां भी विपक्षी एकता में फूट पड़ती हुई दिख रही है। बैठक में कई विपक्षी पार्टियां शामिल हो रहीं हैं। वहीं कुछ मुख्य विपक्षी पार्टियां इस बैठक से दूरी बना ली है। यहां जानें, कौन-कौन से नेता बैठक में शामिल होंगे और किन पार्टियों ने दूरी बनाई है।

कांग्रेस इस बैठक को चुनाव आयोग के खिलाफ अपनी लड़ाई को व्यापक रूप देने के मौके के तौर पर देख रही है। कांग्रेस की मुख्य मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए सभी राजनीतिक दलों के समर्थन से बड़ा आंदोलन करना चाहती है। बैठक में INDIA ब्लॉक के वरिष्ठ नेताओं से सुझाव लिए जाएंगे। इसके बाद भविष्य में होने वाले प्रदर्शनों के लिए एक स्पष्ट कार्ययोजना तैयार की जाएगी। वेणुगोपाल ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को एक दिन भी अपने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। पार्टी ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग भी की है। कांग्रेस का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए करीब 13 करोड़ 30 लाख वोटर के नाम गैरकानूनी तरीके से मतदाता सूची से हटाए गए हैं। पार्टी इन नामों को बहाल करने की मांग कर रही है। वेणुगोपाल ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भी सवाल उठाए हैं।

TMC से ममता और अभिषेक बनर्जी होंगे शामिल

इंडिया ब्लॉक की इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस की ओर से ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी बैठक में शामिल होंगे। ममता बनर्जी दिल्ली पहुंच गईं हैं। रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि वह INDIA ब्लॉक की बैठक में शामिल होने जा रही हैं। अभिषेक बनर्जी के भी बैठक में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली पहुंचने की जानकारी दी गई है।

समाजवादी पार्टी शामिल होगी, अखिलेश यादव रहेंगे नदारद

समाजवादी पार्टी की ओर से अखिलेश यादव बैठक में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, अखिलेश यादव पहले से तय कार्यक्रमों में व्यस्त हैं। उनकी जगह पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक और रामपुर से सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेंगे। दोनों नेता सपा का प्रतिनिधित्व करेंगे। अखिलेश यादव के बैठक में शामिल नहीं होने को लेकर सपा नेता फखरुल हसन चांद ने कहा कि पार्टी INDIA ब्लॉक और कांग्रेस के साथ अपने गठबंधन को मजबूत मानती है।

शिवसेना (UBT) से उद्धव ठाकरे ऑनलाइन जुड़ेंगे

शिवसेना (UBT) की ओर से उद्धव ठाकरे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल होंगे। संजय राउत के मुताबिक, मुंबई में आंदोलन की तैयारियों के चलते पार्टी के नेता दिल्ली नहीं जाएंगे। उद्धव ठाकरे दोपहर 3 बजे के बाद ऑनलाइन बैठक से जुड़ेंगे। 4 अक्टूबर को होने वाले मोर्चे के लिए राज ठाकरे के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे।

नेशनल कॉन्फ्रेंस और PDP: उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती होंगे शामिल

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और PDP प्रमुख महबूबा मुफ्ती भी बैठक में हिस्सा लेंगे। दोनों नेताओं के दिल्ली में होने वाली बैठक में शामिल होने की पुष्टि की गई है। उमर अब्दुल्ला नेशनल कॉन्फ्रेंस की ओर से तो महबूबा मुफ्ती PDP की तरफ से बैठक में मौजूद रहेंगी।

शरद पवार: INDIA ब्लॉक के साथ बने रहेंगे

एनसीपी (शरद पवार गुट) के बैठक में शामिल हो सकते हैं। हालांकि एनसीपी (शरद पवार गुट) के मुखिया शरद पवार या उनके किसी बड़े नेता का इस बैठक में शामिल होने को लेकर प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन कहा जा रहा है कि शरद पवार बैठक में शामिल हो सकते हैं।

AAP का INDIA ब्लॉक की बैठक से किनारा

आम आदमी पार्टी ने बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया है। AAP सांसद संजय सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी पहले ही साफ कर चुकी है कि वह INDIA ब्लॉक का हिस्सा नहीं है। ऐसे में बैठक में शामिल होने का कोई सवाल नहीं उठता। हालांकि, संजय सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव के मुद्दे पर विपक्षी दलों के साथ खड़े होने की बात कही। उन्होंने कहा कि AAP पहले ही इस प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर चुकी है। अगर संसद में महाभियोग प्रस्ताव लाया जाता है और इस पर कार्रवाई होती है तो पार्टी दूसरे विपक्षी दलों के साथ मिलकर इसका समर्थन करेगी।

DMK ने भी बैठक से बनाई दूरी

DMK ने भी INDIA ब्लॉक की बैठक से दूरी बनाई है. पार्टी ने मंगलवार को साफ कर दिया कि उसका कोई प्रतिनिधि इस बैठक में शामिल नहीं होगा। वहीं, तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने बैठक को अहम बताया। उन्होंने कहा कि INDIA ब्लॉक उन दलों का गठबंधन है, जो RSS की विचारधारा और केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध करते हैं। हालांकि, DMK के बैठक में शामिल नहीं होने की वजह स्पष्ट नहीं की गई है।

SIR पर चुनाव आयोग में फूट! 10 महीने में 14 बार दो चुनाव आयुक्तों ने फैसलों पर जताई नाराजगी, जानकारी के बिना निर्णय लेने का लगाया आरोप

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m