भारत ने वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद मानवीय सहायता के लिए ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ शुरू किया है। इस अभियान के तहत भारतीय सेना का विशेष मेडिकल दल राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग देने के लिए वेनेजुएला रवाना हो गया है। भारतीय वायुसेना के दो C-17 ग्लोबमास्टर विमान गुरुवार को हिंडन एयरबेस से मेडिकल टीम, राहत सामग्री और अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों के साथ रवाना हुए।

41 सदस्यीय मेडिकल टीम संभालेगी मोर्चा

भारतीय सेना के 60 पैरा फील्ड अस्पताल की 41 सदस्यीय मेडिकल टीम इस मिशन का हिस्सा है। टीम में 9 विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं, जिन्हें आपातकालीन उपचार, ट्रॉमा केयर, सर्जरी और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा टीम अपने साथ करीब 6 टन दवाइयां, चिकित्सा उपकरण और राहत सामग्री भी लेकर गई है, जिसकी व्यवस्था विदेश मंत्रालय ने की है।

वेनेजुएला पहुंचे दो स्वदेशी ‘भीष्म क्यूब’

ऑपरेशन अमिस्ताद के तहत भारत ने वेनेजुएला को दो स्वदेशी ‘भीष्म क्यूब’ (BHISHM Cube) भी भेजे हैं। यह अत्याधुनिक मोबाइल फील्ड अस्पताल है, जिसे आपदा प्रभावित क्षेत्रों में बेहद कम समय में तैनात किया जा सकता है। प्रत्येक भीष्म क्यूब लगभग 200 मरीजों के उपचार की क्षमता रखता है। इनमें वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सपोर्ट, मॉनिटर, सर्जिकल उपकरण और अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे गंभीर परिस्थितियों में भी प्रभावी इलाज संभव हो सकेगा।

जयशंकर बोले- संकट की घड़ी में भारत साथ

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत भारतीय वायुसेना के दो C-17 विमान वेनेजुएला के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस सहायता में भारतीय सेना की फील्ड हॉस्पिटल यूनिट, 35 टन से अधिक राहत सामग्री, दवाइयां, मेडिकल उपकरण और दो भीष्म क्यूब शामिल हैं।

जयशंकर ने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला की सरकार और वहां के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है तथा हरसंभव मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यह मिशन वैश्विक आपदा राहत अभियानों में भारत की सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका को एक बार फिर रेखांकित करता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m