India vs England Women Hockey World Cup 2026: एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में भारत और इंग्लैंड के बीच पूल डी का मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ। दोनों टीमों ने गोल करने के कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी टीम अंतिम सीटी तक बढ़त हासिल नहीं कर सकी। 0-0 के इस नतीजे के साथ भारत ने टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली, जबकि इंग्लैंड का सफर ग्रुप चरण में ही खत्म हो गया। भारतीय टीम अब भी टूर्नामेंट में अजेय है और सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार हैं।
भारत ने शुरुआत से बनाया दबाव
पहले क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। भारत ने इंग्लैंड के डिफेंस पर दबाव बनाते हुए गोल के कई मौके तैयार किए। इश्किा ने इंग्लैंड के डिफेंस को भेदकर शॉट लगाया, लेकिन इंग्लिश गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए गोल रोक दिया।
इसके बाद भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला। नवनीत ने शॉट लिया, लेकिन भारत के इस गोल को अमान्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद भी भारत को दो और मौके मिले, मगर टीम उनका फायदा नहीं उठा सकी। पहला क्वार्टर 0-0 पर खत्म हुआ।
पहले हाफ में नहीं टूटा गोल का तिलिस्म
दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने आक्रामक रवैया बनाए रखा। भारतीय खिलाड़ियों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन इंग्लैंड की गोलकीपर भारतीय हमलों के सामने मजबूती से खड़ी रहीं।
पहले हाफ में इंग्लैंड को एक ग्रीन और एक येलो कार्ड मिला। वहीं, दूसरे क्वार्टर के आखिरी मिनटों में इंग्लैंड को गोल करने का अच्छा मौका मिला, लेकिन ज्योति ने शानदार बचाव करते हुए भारतीय टीम को मुश्किल से बाहर निकाला। दोनों टीमें बिना गोल के ही ब्रेक में गईं।
तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने बढ़ाया दबाव
तीसरे क्वार्टर में मुकाबले का रुख कुछ बदला और इंग्लैंड ने ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया। इंग्लिश टीम ने भारतीय डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया और कई पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए।
हालांकि, भारतीय डिफेंस ने हर बार इंग्लैंड के प्रयासों को नाकाम कर दिया। गोलकीपर के साथ भारतीय डिफेंडरों ने भी शानदार तालमेल दिखाया और इंग्लैंड को बढ़त लेने का मौका नहीं दिया।
आखिरी क्वार्टर में भी नहीं आया गोल
चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। भारत ने भी जवाबी हमले किए, जबकि इंग्लैंड लगातार गोल की तलाश में रही। हालांकि, दोनों टीमों की तमाम कोशिशों के बावजूद गोल नहीं हुआ और मुकाबला 0-0 पर समाप्त हुआ।
भारत दूसरे दौर में, इंग्लैंड बाहर
गोलरहित ड्रॉ के बावजूद भारत के लिए यह नतीजा अहम रहा। टीम ने दूसरे दौर में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, इंग्लैंड का अभियान ग्रुप स्टेज में ही समाप्त हो गया।
भारतीय टीम की सबसे बड़ी सकारात्मक बात यह है कि वह टूर्नामेंट में अब तक अजेय बनी हुई है। टीम ने अपने प्रदर्शन से सेमीफाइनल की उम्मीदों को भी जिंदा रखा है।
चीन को रोका, दक्षिण अफ्रीका को दी करारी शिकस्त

भारत ने विश्व कप अभियान की शुरुआत दुनिया की चौथे नंबर की टीम और ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन के खिलाफ की थी। यह मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा था।
इसके बाद भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 6-1 से बड़ी जीत दर्ज की। इस मुकाबले में भारत के छह गोल छह अलग-अलग खिलाड़ियों ने किए, जो टीम की आक्रामक क्षमता को दर्शाता है।
11 खिलाड़ी पहली बार खेल रही हैं विश्व कप

भारतीय टीम की 11 खिलाड़ी पहली बार विश्व कप में हिस्सा ले रही हैं। इसके बावजूद टीम के खिलाड़ियों ने अब तक दबाव में आए बिना आत्मविश्वास के साथ अपना स्वाभाविक खेल दिखाया है।
मुख्य कोच शोर्ड मारिन की टीम ने टूर्नामेंट में अब तक प्रभावी प्रदर्शन किया है। चीन के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन, दक्षिण अफ्रीका पर बड़ी जीत और इंग्लैंड के खिलाफ गोलरहित ड्रॉ के बाद अब भारत की नजरें दूसरे दौर पर हैं। टीम की कोशिश अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाने की होगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

