Commonwealth Kabaddi Championship: पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। 31 अक्टूबर को अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल मुकाबलों में भारतीय महिला टीम ने युगांडा को 35-15 से हराया, जबकि पुरुष टीम ने श्रीलंका के खिलाफ 54-20 से एकतरफा जीत दर्ज की। इस तरह भारत ने चैंपियनशिप के महिला और पुरुष दोनों वर्गों का खिताब अपने नाम किया।

महिला वर्ग के फाइनल में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही युगांडा पर दबाव बनाए रखा। सेमीफाइनल में मजबूत डिफेंस के दम पर फाइनल तक पहुंची युगांडा की टीम भारतीय रेडर्स के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी। भारत ने पहले हाफ में ही 22-7 की बड़ी बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ में भी टीम ने अपने प्रदर्शन को बरकरार रखा और आखिरकार 35-15 से मुकाबला जीत लिया।

साक्षी ने बनाए सबसे ज्यादा 9 अंक

भारतीय महिला टीम की जीत में साक्षी की अहम भूमिका रही। उन्होंने मुकाबले में सबसे ज्यादा 9 अंक जुटाए, जिसमें 7 टच पॉइंट और 2 बोनस पॉइंट शामिल थे। वहीं अनु सेन ने 6 और कप्तान निधि शर्मा ने 5 अंक हासिल किए। युगांडा की ओर से नकायोंगो शिरात ने 11 अंक बनाए और अपनी टीम की सबसे सफल खिलाड़ी रहीं।

भारतीय महिला टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। ग्रुप स्टेज में टीम ने एक भी मुकाबला नहीं गंवाया। इसके बाद नॉकआउट राउंड में श्रीलंका को हराकर फाइनल में जगह बनाई और खिताबी मुकाबले में युगांडा को मात देकर गोल्ड मेडल जीत लिया। इस महिला टूर्नामेंट में कुल 10 टीमों ने हिस्सा लिया था।

पुरुष फाइनल में भी भारत ने श्रीलंका को दी मात

महिला टीम के बाद भारतीय पुरुष खिलाड़ियों ने भी फाइनल में अपना दबदबा कायम रखा। खिताबी मुकाबले में भारत का सामना श्रीलंका से हुआ। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ की समाप्ति तक 30-10 की बढ़त हासिल कर ली थी।

दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों ने श्रीलंका को वापसी का मौका नहीं दिया। रेडिंग और डिफेंस दोनों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारत ने मुकाबला 54-20 से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही पुरुष टीम ने भी पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया।

इस तरह अहमदाबाद में आयोजित पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप का समापन भारतीय टीमों के दोहरे खिताब के साथ हुआ। महिला और पुरुष दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीतकर भारत ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H