Indian women’s squad for Asian Games 2026: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब नए लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने जा रही है। बीसीसीआई ने सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी ऑलराउंडर हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है।

टीम इंडिया का लक्ष्य एशियन गेम्स में लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर अपना दबदबा कायम रखना है। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप में भारत का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा, जहां टीम को ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा और ग्रुप स्टेज में ही अभियान समाप्त हो गया।

टीम में दो बड़े बदलाव

वर्ल्ड कप टीम की तुलना में इस बार चयनकर्ताओं ने दो अहम बदलाव किए हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को खराब फॉर्म के चलते टीम से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह 17 वर्षीय युवा विकेटकीपर जी. कमलिनी को मौका दिया गया है, जिन्होंने हाल ही में डब्ल्यूपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन किया था।

इसके अलावा प्रेमा रावत को भी टीम से बाहर कर दिया गया है। वहीं स्पिन ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल को फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद टीम में वापसी हुई है। वह नीदरलैंड के खिलाफ मैच में चोट के कारण वर्ल्ड कप से बाहर हो गई थीं।

टीम की मजबूती बरकरार

चयनकर्ताओं ने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखा है। शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष जैसे प्रमुख खिलाड़ी टीम का हिस्सा बने हुए हैं। गेंदबाजी विभाग की जिम्मेदारी रेणुका सिंह और अरुंधति रेड्डी पर होगी, जबकि स्पिन आक्रमण में राधा यादव और श्रेयंका पाटिल अहम भूमिका निभाएंगी।

एशियन गेम्स में टी20 फॉर्मेट

एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबले टी20 फॉर्मेट में खेले जाएंगे। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी मजबूत एशियाई टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। रैंकिंग के आधार पर भारत को सीधे नॉकआउट चरण में प्रवेश मिलेगा।

भारत का स्क्वॉड (एशियन गेम्स 2026)

हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, नंदनी शर्मा।

शेड्यूल और संभावित मुकाबले

एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 19 सितंबर से शुरू होगी। शुरुआती चरण में इंडोनेशिया, मंगोलिया, हॉन्गकॉन्ग और मलेशिया जैसी टीमें आमने-सामने होंगी। क्वार्टर फाइनल से भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश जैसी टीमें उतरने की संभावना है। फाइनल मुकाबला 24 सितंबर को खेला जाएगा।

एशियन गेम्स 2026 महिला क्रिकेट शेड्यूल (T20)

तारीखटीमेंमुकाबलासमय
19 सितंबरइंडोनेशिया vs मंगोलियाग्रुप-एसुबह 6:30 बजे
19 सितंबरहॉन्गकॉन्ग vs मलेशियाग्रुप-बीसुबह 6:30 बजे
20 सितंबरA-2 vs B-2क्वालिफायरसुबह 6:30 बजे
21 सितंबरभारत vs तय नहींक्वार्टर फाइनल (QF-1)सुबह 6:30 बजे
21 सितंबरपाकिस्तान vs तय नहींक्वार्टर फाइनल (QF-2)दोपहर 11:30 बजे
22 सितंबरश्रीलंका vs तय नहींक्वार्टर फाइनल (QF-3)सुबह 6:30 बजे
22 सितंबरबांग्लादेश vs तय नहींक्वार्टर फाइनल (QF-4)दोपहर 11:30 बजे
24 सितंबरQF-1 vs QF-4सेमीफाइनल (SF-1)सुबह 6:30 बजे
24 सितंबरQF-2 vs QF-3सेमीफाइनल (SF-2)दोपहर 11:30 बजे
24 सितंबरSF हारने वाली टीमेंतीसरा स्थान मुकाबलासुबह 6:30 बजे
24 सितंबरSF जीतने वाली टीमेंफाइनलदोपहर 11:30 बजे

अब देखना दिलचस्प होगा कि वर्ल्ड कप की निराशा के बाद टीम इंडिया इस नए मंच पर किस तरह वापसी करती है और क्या एक बार फिर स्वर्ण पदक अपने नाम कर पाती है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H