अमेरिका में पहले से धोखाधड़ी के मामलों का सामना कर रहे भारतवंशी कारोबारी गौरव श्रीवास्तव अब इंडोनेशिया में भी गंभीर आरोपों के घेरे में हैं। OCCRP और इंडोनेशियाई मैगजीन Tempo की संयुक्त जांच रिपोर्ट के अनुसार, गौरव ने खुद को अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA का एजेंट बताकर तत्कालीन रक्षा मंत्री और मौजूदा राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का विश्वास हासिल किया। आरोप है कि उसने रक्षा सौदों के नाम पर करीब 425 करोड़ रुपये का फर्जी कर्ज मंजूर कराया।

शेल कंपनियों के जरिए रक्षा सौदों का दावा

रिपोर्ट के मुताबिक, गौरव ने 36 F-15 लड़ाकू विमान, ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर और मिलिट्री कमांड सिस्टम उपलब्ध कराने का दावा किया। जांच में सामने आया कि जिन चार कंपनियों के जरिए पांच रक्षा सौदों की प्रक्रिया शुरू हुई, वे कथित तौर पर शेल कंपनियां थीं। बाद में टैक्स बकाया रहने के कारण इन्हें बंद कर दिया गया। इनमें केवल F-15 विमानों की संभावित डील का मूल्य करीब 1.32 लाख करोड़ रुपये बताया गया है।

‘मिस्टर G’ कहकर बुलाते थे प्रबोवो

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गौरव ने प्रबोवो का इतना भरोसा जीत लिया था कि वे उन्हें ‘मिस्टर G’ कहकर संबोधित करते थे। उसने राष्ट्रपति के निजी जीवन से जुड़ी जानकारियों का भी इस्तेमाल किया और दावा किया कि उसने 2002 के बाली बम धमाकों के आरोपियों को पकड़वाने तथा प्रबोवो का नाम अमेरिकी इमिग्रेशन ब्लैकलिस्ट से हटवाने में भूमिका निभाई थी।

लॉस एंजिलिस में खरीदा 208 करोड़ का बंगला

आरोप है कि 2020 से 2022 के बीच हुए इस कथित फर्जीवाड़े से हासिल रकम का इस्तेमाल कर गौरव ने लॉस एंजिलिस में करीब 208 करोड़ रुपये का आलीशान बंगला खरीदा। हालांकि, इंडोनेशिया के रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि कोई भी रक्षा सौदा अंतिम समझौते तक नहीं पहुंचा, इसलिए सरकार को प्रत्यक्ष आर्थिक नुकसान नहीं हुआ।

गौरतलब है कि, अमेरिका में 2024 से गौरव श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी समेत कई मामले लंबित हैं। अदालत में दायर दस्तावेजों के अनुसार, वह खुद को तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और अन्य शीर्ष अमेरिकी नेताओं का करीबी बताकर प्रभावशाली छवि बनाता था।

CIA एजेंट होने का दावा भी सवालों के घेरे में

अमेरिकी मुकदमों में यह भी आरोप है कि गौरव खुद को CIA का ‘नॉन-ऑफिशियल कवर (NOC)’ एजेंट बताता था और गुप्त अभियानों की कहानियां सुनाकर लोगों का भरोसा जीतता था। जांच में उसके कई दावे झूठे पाए गए। यहां तक कि जिन निशानों को वह सीक्रेट मिशन की चोट बताता था, वे बचपन में हुई किडनी सर्जरी के निशान निकले।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m