हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर में कांग्रेस ने एक बार फिर गंदे पानी का मुद्दा उठाया है। कांग्रेस पार्षद निगम अधिकारियों को गिफ्ट के रूप में देने के लिए गंदे पानी की बोतल लेकर पहुंचे थे। उन्होंने पानी की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करते हुए आम जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की हैं। कांग्रेस का कहना है कि लगातार शिकायत, आवेदन और गुहार लगाने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन की भी चेतावनी दी है।

नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट और कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी आज जनसुनवाई में पहुंचे और गंदे पानी को लेकर अधिकारियों को शिकायत की। पार्षद कुणाल सोलंकी का कहना है कि उनके वार्ड में पिछले करीब छह महीनों से रहवासी गंदे और दूषित पानी की समस्या से परेशान हैं और घरों में आने वाला पानी साफ नहीं है। कई बार शिकायत करने के साथ आवेदन और निवेदन भी किए गए और विरोध प्रदर्शन तक किए गए, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

ये भी पढ़ें: इंदौर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असरः सड़कों पर लगे कचरे के ढेर, बदबू और गंदगी से रहवासियों का जीना मुहाल

बड़े आंदोलन की चेतावनी

पार्षद कुणाल सोलंकी का कहना है कि अधिकारियों की ओर से हाल ही में काम शुरू करवाने का दावा किया गया, लेकिन मौके पर स्थिति कुछ और ही नजर आ रही है। उनका कहना है कि धरातल पर अब तक कोई ठोस काम दिखाई नहीं दे रहा है। पार्षद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह अपने वार्ड में इसे लेकर बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दूषित पानी पीने से रहवासियों की सेहत प्रभावित हो रही है और बीमार होने की शिकायत भी सामने आई है।

अपर आयुक्त ने कही ये बात

दूसरी ओर अपर आयुक्त आशीष पाठक का कहना है कि संबंधित इलाके में लीकेज सुधारने का काम कल ही किया गया है और आज शाम होने वाली सप्लाई से पहले पानी की जांच की जाएगी। जांच में पानी मानकों के अनुरूप पाए जाने के बाद ही सप्लाई शुरू की जाएगी। अधिकारी ने यह भी कहा कि पानी की सप्लाई एक तय प्रोटोकॉल के तहत की जाती है। विभाग की एसओपी के तहत पानी की टेस्टिंग की जाती है और यदि जांच में पानी सही पाया जाता है तभी सप्लाई आगे बढ़ाई जाती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m