चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में क्राइम ब्रांच ने आदतन बदमाश और भू-माफिया मुख्तियार खान के काले साम्राज्य को ध्वस्त करने की दिशा में बड़ी कार्रवाई की है। बदमाशी और गुंडागर्दी के बल पर करोड़ों की जमीनों पर कब्जा करने वाले मुख्तियार खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर 3 दिन की रिमांड पर लिया था। पूछताछ के बाद कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने आरोपी द्वारा अवैध रूप से कब्जाई गई करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य की दुकानें और ऑफिस सील कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें: बदमाशों का खौफ: पिस्तौल की नोक पर मांगी 5 लाख की रंगदारी, 2 दिन से बेघर पीड़ित परिवार पहुंचा SP दफ्तर
35 से ज्यादा केस, फिर भी बना रखा था खौफ
इंदौर क्राइम ब्रांच के मुताबिक मुख्तियार खान एक शातिर और आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 35 से 36 गंभीर अपराध दर्ज हैं। वह कई बार जेल जा चुका है, लेकिन बाहर आते ही फिर से अड़बाजी और अवैध कब्जे शुरू कर देता था। इंदौर के एलआईजी लिंक रोड से लगे कीमती इलाके में आरोपी ने दबंगई के दम पर अलग-अलग प्लॉट्स पर अवैध रूप से टीन शेड डालकर दुकानें और ऑफिस खोल रखे थे और लोगों को लगातार परेशान कर रहा था।
6 दुकानें और ऑफिस सील, नगर निगम से भी पत्राचार
डीसीपी क्राइम राजेश त्रिपाठी के अनुसार, शिकायतों के आधार पर क्राइम ब्रांच ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो कब्जे वाली जमीनों से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने 6 दुकानों और कुछ ऑफिसों को सील कर दिया। इन संपत्तियों की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए क्राइम ब्रांच अब नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों से भी पत्राचार कर रिकॉर्ड खंगाल रही है।
ये भी पढ़ें: ‘तबेले’ में स्कूल? सरकारी स्कूल का VIDEO वायरल, कांग्रेस बोली- ‘शिक्षा माफिया को संरक्षण’; बीजेपी का पलटवार
अवैध कब्जाधारियों पर जारी रहेगी सख्ती
पुलिस का कहना है कि आरोपी से रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जा चुकी है। अब यदि जांच में शहर के अन्य हिस्सों में भी मुख्तियार या उसके गुर्गों के अवैध कब्जे पाए जाते हैं, तो उन पर भी बुलडोजर और सीलिंग की कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इंदौर क्राइम ब्रांच ने साफ संदेश दिया है कि शहर में भू-माफिया और गुंडागर्दी के बल पर जमीनों पर कब्जा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


