प्रदीप मालवीय, उज्जैन। महाकाल की नगरी उज्जैन में दबंगों और गुंडों के हौसले बुलंद हैं। शहर में गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अपराधियों का खौफ इस कदर हावी है कि लोग अपने ही घरों में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हालांकि पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है, लेकिन बेखौफ घूम रहे बदमाशों में कानून का डर नजर नहीं आ रहा। ताजा मामला शहर के पंवासा क्षेत्र से सामने आया है, जहां बंदूक की नोक पर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने से परेशान होकर एक पीड़ित परिवार अपना घर छोड़ छिपने को मजबूर है। न्याय की आस में पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है।
ये भी पढ़ें: ‘तबेले’ में स्कूल? सरकारी स्कूल का VIDEO वायरल, कांग्रेस बोली- ‘शिक्षा माफिया को संरक्षण’; बीजेपी का पलटवार
झूठे केस में फंसाने की धमकी, फिर मांगी 5 लाख की रंगदारी
ज्ञान टेकरी पंवासा, गौरी नगर के रहने वाले पीड़ित कालूराम ने एसपी को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाए हैं। कालूराम के मुताबिक, क्षेत्र के दबंग भरत सांखला और अश्विन जोशी उन्हें पिछले कुछ दिनों से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोपियों ने पहले पीड़ित पर नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल होने का झूठा आरोप लगाकर फंसाने की धमकी दी। जब पीड़ित ने इस बात का विरोध किया, तो मामला रफा-दफा करने के बदले आरोपियों ने सीधे 5,00,000 रुपये की रंगदारी मांग ली।
पिस्तौल लेकर घूम रहे गुंडे, 2 दिन से घर नहीं जा पाया परिवार
मेहनत-मजदूरी कर परिवार पालने वाले कालूराम ने जब इतनी बड़ी रकम देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी अपनी दबंगई पर उतर आए। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने उनके पीछे अपने गुंडे लगा दिए हैं, जो दिन-रात पिस्तौल और चाकू लेकर घूम रहे हैं और जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। बदमाशों के इस खौफ के कारण पीड़ित परिवार पिछले दो दिनों से अपने ही घर नहीं जा सका है और छिप-छिपकर दिन काटने को मजबूर है।
ये भी पढ़ें: बिजली कंपनी का स्मार्ट झटका: घर में सिर्फ 2 पंखे और छत पर सोलर, फिर भी थमाया 25,000 का बिल
एसपी से लगाई गुहार- “बदमाशों को भेजो जेल, बचाओ हमारी जान”
दबंगों की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि अगर पिस्तौल और चाकू की नोक पर रंगदारी वसूलने वाले ऐसे अपराधियों पर तुरंत सख्त धाराओं में कार्रवाई कर उन्हें जेल नहीं भेजा गया, तो किसी गरीब की जान चली जाएगी। कालूराम ने एसपी से आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और अपने परिवार के लिए जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


