हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के आर्थिक राजधानी इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दीपावली पर घर की साफ-सफाई के लिए बुलाई गई महिलाओं ने ही सफाई की आड़ में सोने के जेवर पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से करीब 3 लाख रुपये कीमत का 25 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र और दो पेंडल बरामद कर लिए गए हैं। पूछताछ में महिलाओं ने कबूल किया है कि उन्होंने कर्ज चुकाने और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।
ये भी पढ़ें: शेल्टर का ‘पेट’ फाड़कर निकला लोहे का दैत्य! यात्रियों का हक डकार गए अफसर, 35 हजार में लुटा दी नगर निगम ने इंदौर की ‘करोड़ों की जमीन’, FR Media को दिया गया टेंडर
दिवाली पर सफाई के दौरान गायब हुए जेवर
पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर 2026 को फरियादिया ने कनाड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि दिवाली के दौरान उसके घर सफाई करने के लिए दो महिलाएं आई थीं। इसी दौरान अलमारी से सोने का मंगलसूत्र और पेंडल चोरी हो गए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 834/26 के तहत BNS की धारा 305(a) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV और मुखबिर की मदद से पकड़ी गईं आरोपी
मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी तिलक कारोले के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों की मदद से संदिग्ध महिलाओं की तलाश की। इसके बाद साबरी पवार (21), निवासी देवगुराड़िया, इंदौर और छाया राठौर (45), निवासी छापने रोड, हरदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार की।
ये भी पढ़ें: इंदौर साइबर सेल की कार्रवाई: AI जनरेटेड आपत्तिजनक वीडियो और राष्ट्रीय प्रतीकों के दुरुपयोग पर केस दर्ज
कई घरों में करती थीं काम, दूसरे मामलों में भी पूछताछ
पुलिस ने दोनों महिलाओं से चोरी किया गया सोने का एक मोती वाला मंगलसूत्र और दो पेंडल बरामद किए हैं। इनका कुल वजन करीब 25 ग्राम और कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं एक से अधिक घरों में काम करती थीं। ऐसे में उनसे अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में कुछ और मामले सामने आ सकते हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

