हेमंत शर्मा, इंदौर। लोकायुक्त ने नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई की है। 31 साल की सेवा में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। लोकायुक्त को मिली शिकायत के बाद इंदौर में दो ठिकानों पर एक साथ सर्चिंग की गई। पत्नी के नाम पर प्लाट और बेटे बेटी के नाम पर गाड़ी खरीदने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल सर्चिंग की कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त ने नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय के ठिकानों पर दबिश दी। शिकायत के बाद इंदौर में दो ठिकानों पर एक साथ सर्चिंग की गई। कार्रवाई के दौरान आय से अधिक संपत्ति की जानकारी सामने आई है। पत्नी के नाम 40×50 के प्लॉट पर जी+3 मकान, निर्माण पर करीब 1.20 करोड़ खर्च का अनुमान है। गजाधर नगर में पत्नी के नाम एक अन्य प्लॉट पर जी+2 भवन, जहां छात्रावास संचालित होने की जानकारी है। दूसरे भवन के निर्माण पर करीब 91.50 लाख रुपये खर्च का अनुमान है। पत्नी, बेटे और बेटी के नाम वाहन खरीदने और अन्य खर्च में करीब 14 लाख रुपये खर्च किए गए।
ये भी पढ़ें: सरकारी बाबू के घर छापा, 8 करोड़ की काली कमाई का खुलासा; सोना-चांदी और लग्जरी सामान बरामद
लोकायुक्त के मुताबिक, 31 साल में करीब 80 लाख रुपये वेतन प्राप्त हुआ। इसके मुकाबले करीब 2.53 करोड़ रुपये खर्च, यानी आय से करीब 1.73 करोड़ रुपये अधिक है। लोकायुक्त ने इसे 216.35 प्रतिशत अनुपातहीन संपत्ति बताया है। सहायक राजस्व अधिकारी जितेंद्र पांडेय के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(1)(बी), 13(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल डीएसपी सुनील तालान, डीएसपी आनंद चौहान समेत लोकायुक्त की टीम सर्चिंग कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


