हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर की रहने वाली पूजा मालवीय की आंखों में सिर्फ आंसू ही नहीं, बल्कि अपनी मासूम बेटी को वापस पाने की तड़प भी साफ दिखाई देती है। पूजा का कहना है कि वह तीन महीने की गर्भवती है, लेकिन इस हालत में भी पिछले छह महीनों से जनसुनवाई, लसूड़िया थाना और पुलिस अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काट रही है। इसके बावजूद उसे न्याय नहीं मिला।

पूजा मालवीय का आरोप है कि उसके पति लालसिंह मालवीय ने पहले दूसरी शादी की और अब तीसरी शादी करने की तैयारी में उसे छोड़ दिया है। सबसे बड़ा दर्द यह है कि उसकी मासूम बेटी उससे दूर है और वह अपनी बच्ची को अपने पास लाना चाहती है। महिला का कहना है कि उसके पति लगातार धमकियां देता है। आरोप है कि वह कहता है कि यदि उसके खिलाफ कार्रवाई हुई तो वह आत्महत्या कर लेगा और बच्ची को भी जान से मार देगा। इन धमकियों के कारण वह लगातार भय और मानसिक तनाव में जी रही है।

ये भी पढ़ें: आदिवासी युवतियों को दिखाया नौकरी का सपना, फिर हॉस्टल के बाहर निकलने पर लगाई पाबंदी, भागकर घर पहुंची लडकियां

पूजा का कहना है कि उसने हर दरवाजा खटखटाया। जनसुनवाई में आवेदन दिए, लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी कई ज्ञापन सौंपे, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी उसे कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आई। अब गर्भ में पल रहे बच्चे और अपनी बेटी के भविष्य की चिंता में डूबी पूजा प्रशासन से सिर्फ एक ही गुहार लगा रही है- उसे न्याय मिले, उसकी बेटी उसे वापस मिले और उसकी व उसके बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m