दिल्ली के मौजपुर इलाके के एक नामी प्ले स्कूल में साढ़े तीन साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार (sexually assaulted) का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले में सामने आए CCTV फुटेज ने स्कूल में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के निर्देश पर जिला मजिस्ट्रेट ने स्कूल परिसर को सील करवाया। सरकार की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल प्रशासन की भूमिका और परिसर से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
CM रेखा गुप्ता के निर्देश पर स्कूल सील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर जिला मजिस्ट्रेट ने स्कूल परिसर को सील करने की कार्रवाई की है। मामले की पुलिस जांच भी जारी है। दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से किए गए पोस्ट में कहा गया कि सरकार मौजपुर के एक प्ले स्कूल में हुई बेहद परेशान करने वाली घटना का गंभीरता से संज्ञान ले रही है। पोस्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर जिला मजिस्ट्रेट ने स्कूल परिसर को सील करने की कार्रवाई की है। साथ ही मामले की पुलिस जांच भी की जा रही है। दिल्ली सरकार ने कहा है कि मामले में जवाबदेही तय की जाएगी और जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इन कमियों के कारण स्कूल किया गया सील
जिला प्रशासन की कार्रवाई के दौरान स्कूल में कई नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई। इनमें प्रमुख कमियां इस प्रकार हैं:
स्कूल के पास फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट नहीं था।
स्कूल के पास बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन प्लान उपलब्ध नहीं था।
परिसर में कोई इमरजेंसी एग्जिट नहीं था।
क्लासरूम में पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था नहीं थी।
प्ले स्कूल की बेसमेंट में कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।
स्कूल में किचन चल रहा था, लेकिन वहां घरेलू LPG सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था।
पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
जाफराबाद थाना पुलिस ने शुक्रवार को स्कूल के निदेशक, प्रधानाचार्य, एक शिक्षिका और एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, जुवेनाइल जस्टिस एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस को शुरुआत में बच्चे की कथित पिटाई को लेकर शिकायत मिली थी। जांच आगे बढ़ने के दौरान परिवार की ओर से बच्चे के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप भी लगाए गए।
बच्चे के व्यवहार में बदलाव के बाद परिवार को हुआ शक
परिवार का आरोप है कि स्कूल में बच्चे के साथ मारपीट की गई और उसके साथ खराब व्यवहार किया गया। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद बच्चे के व्यवहार में बदलाव दिखाई देने लगा। परिवार का कहना है कि बच्चा सोने में परेशानी महसूस करने लगा था और टॉयलेट जाने से भी घबराने लगा था। इन बदलावों के बाद परिजनों ने मामले को गंभीरता से लिया और पुलिस से संपर्क किया।
डॉक्टर को दिखाने पर सामने आई चोट की आशंका
परिजनों ने बच्चे को डॉक्टर को दिखाया। ईएनटी विशेषज्ञ से जांच कराने पर उसके दोनों कान के पर्दों में भारी सूजन पाई गई। डॉक्टरों ने बच्चे के साथ मारपीट होने और चोट लगने की आशंका जताई। हालांकि, बच्चे के साथ वास्तव में क्या हुआ, इसकी पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर होगी।
पिता ने स्कूल से मांगी CCTV फुटेज
परिजनों का शक बढ़ने के बाद बच्चे के पिता स्कूल पहुंचे और स्कूल की निदेशिका से CCTV फुटेज दिखाने की मांग की। परिवार का आरोप है कि शुरुआत में उनकी मांग को लगातार नजरअंदाज किया गया। बाद में अगले दिन स्कूल प्रबंधन कथित तौर पर 1,500 रुपये लेकर CCTV फुटेज दिखाने के लिए तैयार हुआ। फुटेज देखने के बाद पिता ने स्कूल में बच्चे के साथ कथित दुर्व्यवहार के दृश्य देखे। परिवार के मुताबिक, CCTV फुटेज में बच्चे के साथ कथित तौर पर मारपीट होती दिखाई दी। एक फुटेज में बच्चे को अनुशासन के नाम पर प्रताड़ित किए जाने और उसे कुर्सी से बांधने का आरोप है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि एक अन्य फुटेज में स्कूल की आया द्वारा बच्चे के साथ यौन दुर्व्यवहार किया गया। इस आरोप की पुलिस जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


