रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से रायपुर में हेरोइन सप्लाई करने वाले अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कबीर नगर थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 56.19 ग्राम हेरोइन, एक एक्टिवा वाहन और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क पंजाब से रायपुर तक फैला हुआ था और संगठित तरीके से नशे की सप्लाई की जा रही थी। यह कार्रवाई थाना कबीर नगर क्षेत्र में दर्ज NDPS एक्ट के प्रकरणों के तहत की गई है।

पहला चरण: खुदरा सप्लाई नेटवर्क का खुलासा

डीसीपी (वेस्ट जोन) संदीप पटेल के निर्देशन, एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस आयुक्त आजाद चौक ईशू अग्रवाल (IPS) के नेतृत्व में कबीर नगर पुलिस थाना को सूचना मिली थी कि एक महिला और एक युवक एक्टिवा वाहन से बीएसयूपी कॉलोनी जरीवाय क्षेत्र में हेरोइन बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 9.19 ग्राम हेरोइन, एक एक्टिवा वाहन और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। दोनों के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 101/26 के तहत NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।

दूसरा चरण: पूछताछ में बड़ा खुलासा, पंजाब से जुड़ा नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों की गहन पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने उक्त हेरोइन चरणजीत सिंह उर्फ सोनू, निवासी जिला गुरदासपुर, पंजाब से प्राप्त की थी। पूछताछ से प्राप्त सूचना को तकनीकी सर्विलांस एवं पंजाब स्थित मुखबिरों से मिली जानकारी से पुख्ता किया गया, जिससे ज्ञात हुआ कि चरणजीत सिंह शीघ्र ही हेरोइन की एक और खेप लेकर रायपुर आने वाला है।

चरणजीत सिंह रायपुर में पंजाब से हेरोइन (चिट्टा) की आपूर्ति करने वाला मुख्य तस्कर है। वह थाना कबीर नगर के अपराध क्रमांक 250/25 में पहले से फरार था, जिसमें लगभग 400 ग्राम हेरोइन (व्यावसायिक मात्रा) जब्त की गई थी। इससे पूर्व उसे थाना आमानाका के अप.क्र. 24/25 में 150 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया जा चुका था। जमानत पर छूटने के बाद भी उसने तस्करी जारी रखी। उसका सगा भाई लवजीत सिंह उर्फ बंटी भी इसी धंधे में संलिप्त है, जिसे टिकरापारा थाना के अप.क्र. 600/25 में 450 ग्राम से अधिक हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था और वह वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है।

तीसरा चरण: मुख्य सरगना की गिरफ्तारी

खुलासे के आधार पर थाना कबीर नगर की पुलिस टीम सतर्क हो गई और चरणजीत सिंह की निगरानी शुरू कर दी। इससे पहले पुलिस टीमें उसे गिरफ्तार करने पंजाब तक गई थीं, लेकिन वह वहां से बच निकला था। आज जैसे ही उसके रायपुर आगमन की सटीक सूचना मिली, थाना कबीर नगर की टीम ने तत्काल सोनडोंगरी तालाब के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 47 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।

एंड-टू-एंड जांच, पूरी सप्लाई चेन ध्वस्त

यह कार्रवाई केवल एक गिरफ्तारी नहीं है, बल्कि एक सुनियोजित एंड-टू-एंड जांच का परिणाम है। कबीर नगर थाना पुलिस ने खुदरा स्तर (रहीना कौर एवं करनदीप सिंह) पर की गई गिरफ्तारी को केवल एक प्रारंभिक बिंदु माना और आगे पूछताछ, तकनीकी सर्विलांस एवं अंतर्राज्यीय खुफिया समन्वय के माध्यम से पूरी सप्लाई लाइन की परत-दर-परत पहचान की।

इस जांच में सप्लाई चेन के तीनों स्तरों को निष्क्रिय किया गया है—खुदरा वितरण (रहीना कौर एवं करनदीप सिंह, अप.क्र. 101/26), मुख्य अंतर्राज्यीय आपूर्तिकर्ता (चरणजीत सिंह उर्फ सोनू, अप.क्र. 103/26 एवं 250/25) तथा सहयोगी तस्कर (उसका भाई लवजीत सिंह उर्फ बंटी, अप.क्र. 600/25, जो पहले से न्यायिक अभिरक्षा में है)। पंजाब से रायपुर आने वाली हेरोइन की यह सप्लाई लाइन अब पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

चरणजीत सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड

  1. आमानाका थाना, अप.क्र. 24/25 150 ग्राम हेरोइन जमानत पर रिहा — पुनः तस्करी में सक्रिय
  2. कबीर नगर थाना, अप.क्र. 250/25 लगभग 400 ग्राम हेरोइन (व्यावसायिक मात्रा) फरार था। मामले में आरोपी आज गिरफ्तार हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

रहीना कौर (38 वर्ष), वीर सावरकर नगर, हीरापुर, रायपुर
करनदीप सिंह मान (22 वर्ष), गुरुसागर नगर, आमानाका, रायपुर
चरणजीत सिंह उर्फ सोनू (44 वर्ष), जिला गुरदासपुर, पंजाब

अब तक 83 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर कमिश्नरेट बनने के बाद से वेस्ट जोन में NDPS के कुल 44 प्रकरण दर्ज किए गए हैं, जिनमें 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि रायपुर में सक्रिय अन्य पैडलर्स की पहचान की जा सके। साथ ही वित्तीय जांच भी की जा रही है और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को जब्त (राजसात) करने की कार्रवाई की जा रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H