सत्या राजपूत, रायपुर। छत्तीसगढ़ में इंटर्न डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के आश्वासन के बाद अपनी चरणबद्ध हड़ताल को 30 अगस्त तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। MBBS इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी का आश्वासन दिया गया है। वर्तमान में मिल रहे 15,900 रुपये के स्टाइपेंड को बढ़ाकर 25,000 रुपये किए जाने की बात कही गई है। फाइलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सितंबर से बढ़ा हुआ स्टाइपेंड मिलने की उम्मीद है।

इसे भी पढ़ें: स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद खत्म हुई जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल, दूर होगी मरीजों की परेशानी…

स्वास्थ्य मंत्री ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर बताया कि प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि इंटर्न डॉक्टरों ने सरकार पर विश्वास व्यक्त करते हुए अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है।

मंत्री ने बताया कि JDA और IMA-MSN छत्तीसगढ़ द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव एवं संबंधित प्रकरण पर पहल करते हुए इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में वृद्धि के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर इसी माह आवश्यक एवं सकारात्मक निर्णय लेने के लिए विभागीय स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा से जुड़े सभी विषयों के प्रति संवेदनशील है और इंटर्न डॉक्टरों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉक्टरों ने कहा- हड़ताल खत्म नहीं, सिर्फ स्थगित की है

इंटर्न डॉक्टरों ने कहा कि उनकी हड़ताल खत्म नहीं हुई है, बल्कि स्थगित की गई है। अगर आश्वासन के अनुरूप समय-सीमा में स्टाइपेंड में बढ़ोतरी नहीं होती है, तो फिर से हड़ताल पर चले जाएंगे और इस बार उग्र आंदोलन किया जाएगा।

डॉक्टरों ने कहा कि सरकार के आश्वासन के बाद 30 अगस्त तक आंदोलन स्थगित किया गया है। अब आगे की कार्रवाई सरकार द्वारा किए गए वादे और निर्धारित समय-सीमा के अनुसार होगी।

15,900 से बढ़कर 25 हजार होगा स्टाइपेंड

बैठक में शासकीय मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डॉक्टरों और JDA के पदाधिकारियों के साथ स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। डॉक्टरों को आश्वासन दिया गया कि MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड 15,900 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये प्रतिमाह किया जाएगा। फाइलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सितंबर से उन्हें बढ़ा हुआ स्टाइपेंड मिलना शुरू हो जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H