हिसार के लघु सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल की अध्यक्षता में डिजिटल कार्यप्रणाली को मजबूत करने के लिए एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इस बैठक में सभी विभागों को ई-ऑफिस प्रणाली और इंट्रा हरियाणा पोर्टल के जरिए ही कर्मचारियों के अवकाश स्वीकृत करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
काजल, हिसार। जिला प्रशासन द्वारा सरकारी कार्यालयों में डिजिटल कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में वीरवार को एचआरएमएस, ई-ऑफिस प्रणाली एवं इंट्रा हरियाणा पोर्टल पर लीव मैनेजमेंट विषय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में आयोजित इस विशेष कार्यशाला की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने की। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी विभागाध्यक्ष यह अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें कि उनके अधीन कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश संबंधी सभी आवेदन और उनकी स्वीकृति की प्रक्रिया केवल इंट्रा हरियाणा पोर्टल के माध्यम से ही पूरी की जाए।
पारदर्शिता के लिए ई-ऑफिस जरूरी
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि इसके अलावा सरकारी फाइलों की मूवमेंट भी अनिवार्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने के लिए विभिन्न सेवाओं का तेजी से डिजिटलीकरण कर रही है, जिसमें इंट्रा हरियाणा पोर्टल एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि एचआरएमएस और इस पोर्टल के माध्यम से कर्मचारियों के अवकाश, सेवा अभिलेख तथा अन्य सभी प्रशासनिक कार्यों का संचालन अब पहले से अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक हो गया है। इससे कार्यालयी कार्यों में तेजी आएगी, सारा रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा तथा अनावश्यक कागजी प्रक्रिया से भी बड़ी राहत मिलेगी।

समय पर निपटाएं ऑनलाइन आवेदन
उन्होंने सभी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि कर्मचारियों के अवकाश आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर ही निपटाए जाएं। कार्यशाला के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पोर्टल पर लीव मैनेजमेंट की संपूर्ण ऑनलाइन प्रक्रिया की भी व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसके अलावा लॉगिन करने, अवकाश आवेदन भेजने, उसकी स्वीकृति प्रक्रिया तथा अन्य तकनीकी पहलुओं पर भी विस्तार से समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला वन अधिकारी रोहताश बिरथल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, सीएमजीजीए अमोल, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप कुमार, डीआईओ दीपक भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के सभी अधिकारी मौजूद रहे।

