IPL 2026 Qualification Probability: आईपीएल का मौजुदा सीजन अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। लीग स्टेज के 70 मुकाबलों में से 59 मैच पूरे हो चुके हैं और अब सिर्फ 11 मैच बाकी हैं। शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर प्लेऑफ की जंग को और दिलचस्प बना दिया। इस हार के बाद CSK की स्थिति कमजोर हुई है, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) लगभग प्लेऑफ में पहुंचती नजर आ रही हैं।
प्लेऑफ की तस्वीर होने लगी साफ
आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबले 26 मई से शुरू होंगे। लीग स्टेज में हर टीम को 14-14 मैच खेलने हैं। राजस्थान रॉयल्स (RR) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अब तक 11-11 मुकाबले खेले हैं, जबकि बाकी आठ टीमें 12-12 मैच खेल चुकी हैं।

टॉप-4 में रहने वाली टीमें प्लेऑफ में पहुंचेंगी। अंक तालिका में पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को फाइनल में पहुंचने के दो मौके मिलेंगे, जबकि तीसरे और चौथे नंबर की टीमों को लगातार दो मुकाबले जीतने होंगे।
गुजरात टाइटंस लगभग प्लेऑफ में

गुजरात टाइटंस (GT) की स्थिति इस समय सबसे मजबूत नजर आ रही है। टीम ने मौजूदा सीजन में अब तक खेले गए 12 मुकाबलों में 8 जीत और 4 हार के साथ 16 अंक हासिल किए हैं और फिलहाल पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर बनी हुई है। GT के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना 99 प्रतिशत बताई जा रही है, यानी टीम का अगले दौर में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि टॉप-2 में अपनी जगह सुरक्षित रखने के लिए GT को अपने बाकी दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी। फिलहाल टीम के टॉप-2 में रहने की संभावना 90.2 प्रतिशत मानी जा रही है।
RCB का भी प्लेऑफ टिकट लगभग तय

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इस सीजन शानदार लय में नजर आ रही है। टीम ने अब तक खेले गए 12 मुकाबलों में 8 जीत और 4 हार के साथ 16 अंक हासिल किए हैं और फिलहाल पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। RCB के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना 99 प्रतिशत बताई जा रही है, जबकि टीम के टॉप-2 में रहने के चांस 83.4 प्रतिशत हैं। पूरे सीजन में लगातार दमदार प्रदर्शन के चलते RCB खिताब की सबसे मजबूत दावेदार टीमों में शामिल हो गई है।
SRH की मजबूत वापसी

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने आईपीएल 2026 के दूसरे चरण में शानदार वापसी करते हुए खुद को प्लेऑफ की मजबूत दावेदार टीमों में शामिल कर लिया है। टीम ने अब तक 12 मुकाबलों में 7 जीत और 5 हार के साथ 14 अंक हासिल किए हैं और फिलहाल पॉइंट्स टेबल में तीसरे स्थान पर बनी हुई है। अगर SRH अपने बाकी दोनों मैच जीत लेती है तो टीम 18 अंकों तक पहुंच जाएगी। फिलहाल SRH के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना 82.8 प्रतिशत मानी जा रही है, जबकि टॉप-2 में जगह बनाने के चांस 38.9 प्रतिशत हैं।
पंजाब की राह अभी भी मुश्किल

पंजाब किंग्स (PBKS) अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है, लेकिन टीम की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा सकती। टीम ने इस सीजन में अब तक 12 मुकाबलों में 6 जीत और 5 हार के साथ 13 अंक हासिल किए हैं और फिलहाल पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर मौजूद है। गुरुवार को MI के खिलाफ मिली हार के बाद पंजाब की राह और मुश्किल हो गई है। अगर टीम 16 अंकों के आंकड़े तक पहुंचना चाहती है तो उसे अपने बाकी दोनों मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे। फिलहाल PBKS के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना 50.3 प्रतिशत है, जबकि टॉप-2 में जगह बनाने के चांस केवल 9.8 प्रतिशत बताए जा रहे हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स को हार से बड़ा झटका

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मिली हार ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की प्लेऑफ राह मुश्किल कर दी है। पांच बार की चैंपियन टीम अब केवल अपने प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि अन्य टीमों के नतीजों पर भी निर्भर हो गई है। मौजूदा सीजन में CSK ने 12 मुकाबलों में 6 जीत और 6 हार के साथ 12 अंक हासिल किए हैं और टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर बनी हुई है। ऐसे में CSK के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना घटकर 17 प्रतिशत रह गई है, जबकि टॉप-2 में जगह बनाने के चांस सिर्फ 8 प्रतिशत बताए जा रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स को मिला फायदा

CSK की हार का सबसे बड़ा फायदा राजस्थान रॉयल्स (RR) को मिला है। RR की प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना अब बढ़कर 60.4 प्रतिशत हो गई है, जबकि टीम के टॉप-2 में रहने के चांस 19.9 प्रतिशत हैं। राजस्थान की टीम 11 मैचों में 6 जीत और 5 हार के बाद 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर मौजूद है। टीम को अब अपने बाकी मुकाबले दिल्ली कैपिटल्स (DC), लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ खेलने हैं। प्लेऑफ की रेस में मजबूत स्थिति बनाए रखने के लिए राजस्थान को अपने तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी।
KKR के लिए हर मैच बना करो या मरो

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए अब हर मुकाबला बेहद अहम हो गया है। टीम 11 मैचों में 4 जीत और 6 हार के बाद 9 अंकों के साथ अंक तालिका में आठवें स्थान पर है। KKR के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना सिर्फ 5.1 प्रतिशत बची है। टीम अब टॉप-2 की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी है। अगर आज GT के खिलाफ KKR मुकाबला जीतती है तो उसे प्लेऑफ के लिए अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। वहीं अगर GT के खिलाफ मुकाबला हारती है तो उसका सफर यहीं समाप्त हो जाएगा।
दिल्ली कैपिटल्स की उम्मीदें भी बेहद कम

दिल्ली कैपिटल्स (DC) की स्थिति भी लगभग वैसी ही बनी हुई है। टीम 12 मैचों में 5 जीत और 7 हार के बाद 10 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर है और उसका नेट रनरेट (-0.993) सबसे खराब है। DC के प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना केवल 6.1 प्रतिशत है। टीम को अपने बाकी दोनों मुकाबले बड़े अंतर से जीतने होंगे, साथ ही अन्य टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
मुंबई और लखनऊ पहले ही हो चुकी हैं बाहर

मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का प्लेऑफ का सपना टूट चुका है। मुंबई 12 मैचों में सिर्फ 4 जीत के साथ नौवें स्थान पर है और टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। LSG की टीम 12 मैच में 4 जीत और 8 हार के बाद 8 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल पर सबसे निचले स्थान पर है। टीम अब अगले दौर में नहीं पहुंच सकती। ऐसे में अब बाकी छह टीमें प्लेऑफ की चार सीटों के लिए संघर्ष करती नजर आएंगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

