IPL 2027: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 शुरू होने में अभी वक्त है, लेकिन उससे पहले ही ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। ऑस्ट्रेलिया का अगले एक साल का इंटरनेशनल शेड्यूल इतना व्यस्त है कि टीम के कई प्रमुख खिलाड़ी आईपीएल के अगले सीजन से दूरी बना सकते हैं या फिर टूर्नामेंट में सीमित मैचों के लिए ही उपलब्ध रह सकते हैं।

ऑस्ट्रेलिया को अगस्त 2026 से अगस्त 2027 के बीच कुल 20 टेस्ट और 14 व्हाइट-बॉल इंटरनेशनल मुकाबले खेलने हैं। इस दौरान टीम को भारत में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर इंग्लैंड के खिलाफ एक विशेष टेस्ट मैच और फिर एशेज सीरीज भी प्रस्तावित कार्यक्रम का हिस्सा है।
आईपीएल 2027 के मार्च से मई के अंत तक खेले जाने की संभावना है। इसके ठीक बाद जून में संभावित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल होना है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के नियमित टेस्ट खिलाड़ियों के लिए आईपीएल और इंटरनेशनल क्रिकेट के बीच संतुलन बनाना बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
मैकडोनाल्ड ने दिए बड़े संकेत

ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने संकेत दिए हैं कि टीम के प्रमुख टेस्ट खिलाड़ियों को अगले साल आईपीएल में खेलने को लेकर मुश्किल फैसले लेने पड़ सकते हैं। हालांकि उन्होंने आईपीएल को खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद भी बताया है।
मैकडोनाल्ड ने एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान कहा कि आईपीएल ऑस्ट्रेलियाई टीम के कई खिलाड़ियों के मैनेजमेंट प्लान का हिस्सा है। उनके मुताबिक, दुनिया की बेहतरीन टी20 प्रतियोगिताओं में से एक में अपने प्रमुख खिलाड़ियों को खेलने का मौका देने से उनके प्रदर्शन को भी फायदा मिलता है। लेकिन इसके साथ खिलाड़ियों के वर्कलोड और शरीर को पर्याप्त आराम देने के बीच संतुलन बनाना जरूरी है।
उन्होंने कहा, “आईपीएल हमारे कई खिलाड़ियों के लिए हमारे मैनेजमेंट प्लान का हिस्सा है और मेरे हिसाब से टी20 क्रिकेट की सबसे अच्छी प्रतियोगिता में अपने बेहतरीन खिलाड़ियों को खेलने का मौका देने से उनके प्रदर्शन में भी फायदा होता है। बस आपको इसमें संतुलन बनाना होगा।”
मैकडोनाल्ड ने आगे कहा कि इस समय सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों को अपने शरीर को रिकवर करने और अगले 20 या 21 मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार होने का पर्याप्त मौका मिले।
फ्रेंचाइजियों की बढ़ सकती है परेशानी

ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख खिलाड़ियों की आईपीएल 2027 में उपलब्धता सीमित होती है तो इसका सीधा असर आईपीएल फ्रेंचाइजियों की प्लानिंग पर पड़ सकता है। खासकर उन टीमों के लिए यह चिंता का विषय होगा, जिनके स्क्वॉड में ऑस्ट्रेलिया के नियमित टेस्ट खिलाड़ी शामिल हैं।
पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, कैमरून ग्रीन और ट्रेविस हेड उन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में शामिल हैं जो आईपीएल फ्रेंचाइजियों से जुड़े हुए हैं। वहीं जोश इंग्लिस भी लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं।
अगर ऑस्ट्रेलिया के नियमित टेस्ट खिलाड़ी आईपीएल 2027 से हटने का फैसला करते हैं या टूर्नामेंट में अपनी उपलब्धता सीमित करते हैं, तो फ्रेंचाइजियों को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है। इसका असर खिलाड़ियों को रिटेन करने और आगामी सीजन के लिए टीम तैयार करने की योजनाओं पर भी पड़ सकता है।
फिलहाल ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के आईपीएल 2027 से पूरी तरह बाहर रहने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन टीम के व्यस्त इंटरनेशनल कैलेंडर और कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड के बयान ने इस संभावना को जरूर मजबूत कर दिया है कि अगले सीजन में कुछ बड़े ऑस्ट्रेलियाई नाम पूरे टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


