मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. रामनगरी अयोध्या मे दीपोत्सव को लेकर बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी भी खासे उत्साहित हैं. उन्होंने कहा कि वे अपने पूरे परिवार के साथ राम की पैड़ी पर दीपोत्सव देखने जाएंगे.इकबाल अंसारी ने कहा कि अयोध्या नगरी धर्म और देवी-देवताओं की नगरी है. अयोध्या में जो दीवाली मनाई जाती है, वह भव्य मनाई जाती है और यह सीएम योगी की देन है. इस बार अयोध्या को तीस लाख दीपों से जगमगाया जाएगा.

इकबाल अंसारी ने कहा कि यहां देश-विदेश की झांकियां निकलती हैं. माननीय मुख्यमंत्री जी और अमित शाह जी का भी आगमन रहता है. अयोध्या की दीवाली देखने देश-विदेश से लोग आ रहे हैं.अंसारी ने कहा कि कुंड, पार्क, सड़क और सजावट इतनी लंबी रहती है कि लोग अयोध्या घूमते-घूमते ही रह जाते हैं और देखते ही रह जाते हैं, जिसका नाम गिनीज बुक में आता है.

इसे भी पढ़ें : योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान: तुष्टिकरण की राजनीति ने बढ़ाई देश की मुश्किलें, संतुष्टीकरण से सुनिश्चित हो रहा रामराज्य

इकबाल अंसारी ने कहा कि जब भगवान राम अयोध्या आए थे, तो पूरी सजावट उस युग में हुई थी. उसी युग के तरीके से आज भी अयोध्या सजाई जाती है, ऐसा लगता है कि भगवान स्वयं दीवाली के दिन आ रहे हैं. दीवाली देखने के लिए लोग सड़कों पर खड़े रहते हैं.उन्होंने कहा कि वे भी अपना पूरा परिवार लेकर दीवाली देखने और सजी हुई अयोध्या को देखने जाते हैं.