बोस्निया में तैनात इटैलियन मिलिट्री हेलीकॉप्टर हवा में गोल-गोल घूमते हुए जमीन पर आकर गिरा और क्रैश हो गया. यूरोपीय संघ बल (EUFOR) के मुताबिक गुरुवार शाम बोस्निया और हर्जेगोविना में नियमित प्रशिक्षण के दौरान इटली का एक चिनूक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में चार सैन्य कर्मियों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए. EUFOR ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायल सैनिकों का इलाज जारी है.
बोस्निया और हर्जेगोविना में 29 अक्टूबर 2026 को इटली के सैन्य हेलिकॉप्टर CH-47 चिनूक की दुर्घटना में चार सैनिकों की मौत हो गई.
यूरोपीय संघ की बोस्निया में तैनात शांति सेना यानि EUFOR के साथ काम कर रहे इटैलियन सैन्य हेलीकॉप्टर चिनूक CH-47 के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर है. दुर्घटना की सूचना मिलते ही बोस्निया और हर्जेगोविना की आपातकालीन सेवाएं और EUFOR की संपर्क एवं निगरानी टीम के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे.
EUFOR के पब्लिक अफेयर्स ऑफिस द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान में पुष्टि की गई है कि घायल हुए 11 कर्मियों की हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सा सहायता दी जा रही है. इस दुर्घटना में किसी भी नागरिक को चोट नहीं आई है. इसके अलावा नागरिक बुनियादी ढांचे, संपत्ति या वाहनों को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट के जरिए इस त्रासदी पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने पीड़ितों के परिवारों और शांति स्थापना अभियान में शामिल लोगों के प्रति एकजुटता व्यक्त की.
दुर्घटना बोस्निया के उत्तरी हिस्से में स्थित ब्रचको क्षेत्र में हुई. यह जगह देश की राजधानी साराजेवो से करीब 180 किलोमीटर उत्तर में है. स्थानीय अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया.
इटली के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. इटली के रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और इस घटना को गहरे दुख का क्षण बताया. यह जानलेवा हादसा 29 अक्टूबर, 2026 को ब्रको (Brčko) के पास गोरिस (Gorice) सेक्टर में हुआ.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

