पटना। राजधानी के दीघा थाना क्षेत्र स्थित एशियन सिटी हॉस्पिटल में एक दुखद और रहस्यमयी घटना सामने आई है जहां भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के दरोगा विजय सिंह (44) की अस्पताल की पांचवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। राजस्थान के भरतपुर निवासी विजय सिंह छपरा के जलालपुर कैंप में तैनात थे और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती थे।

​अस्पताल में भर्ती थे जवान, होनी थी छुट्टी

विजय सिंह को पेट में पथरी और पीलिया की शिकायत के बाद 3 जून को इलाज के लिए एशियन सिटी हॉस्पिटल लाया गया था। उनकी देखरेख के लिए दो जवान, गोपाल और संजय, तैनात थे। परिजनों के अनुसार, सोमवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली थी। रविवार को जब वे वॉशरूम गए, तभी वे संदिग्ध परिस्थितियों में पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गए।

​बेटी ने उठाए सवाल, खारिज किया सुसाइड का थ्योरी

घटना के बाद जवान की बेटी निधि ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है। निधि ने सवाल उठाते हुए कहा पापा ने शनिवार और रविवार सुबह मां से सामान्य बातचीत की थी। वे मानसिक रूप से पूरी तरह ठीक थे फिर सुसाइड क्यों करेंगे? इसके अलावा वॉशरूम की खिड़की इतनी छोटी है कि उससे कूदना असंभव है। हमें इसमें कोई गहरी साजिश नजर आ रही है। विजय सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों (बेटी निधि और बेटा पीयूष) को छोड़ गए हैं।

​पुलिस और FSL टीम कर रही है गहन जांच

सूचना मिलते ही दीघा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, वॉशरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया गया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। दीघा थाने के एडिशनल एसएचओ सुजीत कुमार ने बताया कि अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और घटनाक्रम का स्पष्ट पता चल पाएगा।