गोरखपुर. गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीराम कथा के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर सनातनी की श्वास-श्वास में प्रभु श्रीराम का वास है. भगवान श्रीराम का नाम ऐसा है, जिसे बालक से लेकर वृद्ध, गृहस्थ से लेकर विरक्त तक हर व्यक्ति अपने सबसे निकट पाता है.

दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में व्यासपीठ का पूजन करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भक्ति के बिना जीवन में अंधकार, अराजकता और अज्ञानता का वास होता है. इनसे मुक्ति पाने का माध्यम भक्तिसम्मत ज्ञान है, जो श्रीराम कथा और श्रीमद्भागवत जैसी पावन कथाओं के माध्यम से प्राप्त होता है. उन्होंने कहा कि जीवन को सुगम और सार्थक बनाने के लिए ज्ञान और भक्ति दोनों का अनुगामी बनना आवश्यक है. सीएम योगी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का नाम हर भारतीय के हृदय में पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ जुड़ा हुआ है. देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों के अभिवादन का स्वर भले अलग हो, लेकिन ‘जय श्रीराम’ और ‘राम-राम जी’ जैसे संबोधन हमारी सनातन संस्कृति की एकता और मर्यादा के प्रतीक हैं.

इसे भी पढ़ें : गोरखपुर अब भय नहीं, विकास और निवेश की नई पहचान : सीएम योगी

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का यह सौभाग्य है कि उसके पावन तीर्थस्थल सनातन संस्कृति के मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करते हैं. जीवन में मर्यादा को समझने के लिए लोग अयोध्या की ओर देखते हैं, जीवन के रहस्यों को जानने के लिए काशी की ओर और भक्ति के स्वरूप को समझने के लिए मथुरा-वृंदावन की ओर आकर्षित होते हैं. वहीं, समरसता के दर्शन प्रयागराज में होते हैं. उन्होंने कहा कि दुनिया चाहे जितना दुष्प्रचार कर ले, सनातन मूल्यों को जानने और समझने का वास्तविक अवसर उत्तर प्रदेश के तीर्थों में ही प्राप्त होता है.

मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद प्रयागराज से पधारे कथा व्यास आचार्य शांतनु महाराज ने श्रीराम कथा का रसपान कराया. यह कथा प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित की जाएगी. श्रीराम कथा के शुभारंभ से पूर्व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मुख्य मंदिर से कथा स्थल तक श्रीरामचरितमानस की पोथी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई. बैंड-बाजों, शंखध्वनि और 151 वेदपाठी विद्यार्थियों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की. कथा स्थल पर व्यासपीठ का पूजन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया.