Jaipur Metro Phase-2: जयपुर वालों के लिए आज का दिन बड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जयपुर मेट्रो फेज-2 की नींव रख दी है। अब शहर की ट्रैफिक समस्या से जूझने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। पचपदरा रिफाइनरी के कार्यक्रम के दौरान इस मेगा प्रोजेक्ट का ऐलान किया गया।

41 किलोमीटर लंबा सफर, 36 नए स्टेशन

यह नया कॉरिडोर करीब 41 किलोमीटर लंबा होगा। यह प्रहलादपुरा से टोड़ी मोड़ तक दौड़ेगा। इस रूट पर कुल 36 स्टेशन बनेंगे। इस काम पर 13,037 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। काम राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन यानी RMRCL के जिम्मे है। इसमें केंद्र और राज्य का 50-50 फीसदी का तालमेल है।

एयरपोर्ट से सीधे स्टेशन तक एंट्री

सबसे बड़ी बात यह है कि फेज-2 के बाद जयपुर का लाइफस्टाइल पूरी तरह बदल जाएगा। शहर के सबसे व्यस्त इलाके अब मेट्रो के जरिए आपस में जुड़ जाएंगे। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और एसएमएस अस्पताल अब एक ही लाइन पर होंगे। सीतापुरा, वीकेआई, अंबाबाड़ी, विद्याधर नगर और टोंक रोड जैसे इलाकों के लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी। एयरपोर्ट एरिया में अंडरग्राउंड स्टेशन भी बनेगा।

सूत्रों के मुताबिक, सरकार का फोकस इसे मल्टी-मॉडल बनाने पर है। इसका मतलब है कि मेट्रो से उतरते ही आपको बस या टैक्सी की सुविधा आसानी से मिल जाएगी।

पहले फेज में 12 किमी का काम

अभी पहले पैकेज में प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक 12 किलोमीटर का काम शुरू होगा। इस पर 918 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें 10 एलिवेटेड स्टेशन बनेंगे। जिन इलाकों में यह पहले बनेगा उनमें प्रहलादपुरा, बीलवा, सीतापुरा और हल्दीघाटी गेट जैसे इलाके शामिल हैं।

अभी जयपुर मेट्रो में रोज सिर्फ 50 हजार लोग सफर करते हैं। फेज-2 के बाद यह आंकड़ा 2.5 लाख तक जाने की उम्मीद है। आगे जाकर यह 4 लाख का आंकड़ा भी पार कर सकता है। इसके अलावा बड़ी चौपड़ से ट्रांसपोर्ट नगर और मानसरोवर से अजमेर बाईपास तक भी मेट्रो का विस्तार होगा। अब जयपुर की सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम होगा। और सफर आसान हो जाएगा।

पढ़ें ये खबरें