Jaipur News: राजधानी जयपुर के बगरू थाना क्षेत्र में नीट परीक्षा देने वाली 23 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान ठीकरिया निवासी कनिका जैन के रूप में हुई है। परिजनों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थी तथा उसका इलाज भी चल रहा था। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने नीट परीक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह कनिका अपने पिता के साथ फगोड़ियावाला स्थित जैन मंदिर में दर्शन और पूजा के लिए गई थी। पूजा के बाद जब उसके पिता बाहर आए तो वह वहां नहीं मिली। काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज देखे गए। फुटेज में कनिका मंदिर के पास स्थित कुएं की ओर जाती दिखाई दी।
जब कुएं के पास पहुंचकर देखा गया तो उसकी चप्पलें वहीं मिलीं। इसके बाद अंदर झांकने पर उसका शव दिखाई दिया। सीसीटीवी में यह भी नजर आया कि उसने कुएं पर लगे लोहे के जाल और ढक्कन को हटाया और फिर उसमें छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि कनिका ने हाल ही में नीट परीक्षा दी थी। पिछले कुछ समय से वह मानसिक तनाव में थी और उसका इलाज भी चल रहा था।
घटना के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट परीक्षा और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देशभर के विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित किया है। पायलट ने परीक्षा प्रणाली में सामने आ रही अनियमितताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए।
छात्र नेता निर्मल चौधरी ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों पर बढ़ता मानसिक दबाव गंभीर चिंता का विषय है। उनके मुताबिक, यह घटना बताती है कि परीक्षा व्यवस्था के साथ-साथ छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी अधिक संवेदनशील और प्रभावी व्यवस्था विकसित करने की जरूरत है।
पढ़ें ये खबरें
- ब्रेकिंग : अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमला, तीन अज्ञात हमलावरों ने की फाइरिंग
- बंगाल-बलरामपुर के बाद गोरखपुर में हाई अलर्ट! दुर्गा पंडालों की सुरक्षा चाक-चौबंद, चप्पे-चप्पे पर PAC तैनात
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को आएंगे पंजाब, नशा विरोधी कार्यकर्ताओं के परिवारों से करेंगे मुलाकात
- जयस के प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ता की बदतमीजी, पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़, अन्य अफसरों से भो हुई झूमाझटकी
- बस्तर दशहरा में शामिल होने मां दंतेश्वरी की डोली और राजछत्र दंतेवाड़ा से रवाना, दी गई भावभीनी विदाई

