जालौन. रक्षाबंधन के त्योहार पर जालौन के एक परिवार में उस समय मातम पसर गया, जब बारिश के बाद बिल से निकले सांप ने एक ही परिवार के तीन लोगों को डस लिया. सर्पदंश के बाद इलाज के दौरान पांच वर्षीय मासूम और उसकी 55 वर्षीय नानी की मौत हो गई. वहीं बच्चे का मामा गंभीर हालत में उरई मेडिकल कॉलेज में भर्ती है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है.
इसे भी पढ़ें- एक तरफ बाढ़ पीड़ितों का दर्द, दूसरी तरफ करोड़ों की सौगात: जानें सीएम योगी के पूर्वांचल दौरे से किसको क्या मिलेगा?
यह घटना कदौरा थाना क्षेत्र के चतेला गांव की बताई जा रही है. आटा थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव निवासी आकाश कुशवाहा का पांच वर्षीय बेटा प्रियांशु अपनी मां लक्ष्मी के साथ रक्षाबंधन मनाने चतेला गांव स्थित अपने मामा के घर आया था.
सोते समय सांप ने बच्चे और मामा को डसा
बताया गया कि प्रियांशु अपने मामा पवन के साथ सो रहा था. इसी दौरान बारिश के कारण बिल से बाहर निकला सांप कमरे में पहुंच गया और सोते समय दोनों को डस लिया. कुछ देर बाद सांप ने पास में मौजूद प्रियांशु की नानी देवकी को भी डस लिया. एक साथ तीन लोगों के सर्पदंश की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई. परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
इलाज के दौरान मासूम और नानी की मौत
अस्पताल में उपचार के दौरान पांच वर्षीय प्रियांशु और उसकी 55 वर्षीय नानी देवकी ने दम तोड़ दिया. वहीं पवन की हालत गंभीर बताई जा रही है. चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां उसका इलाज जारी है. दो मौतों की खबर सामने आते ही परिवार में कोहराम मच गया. रक्षाबंधन के लिए जुटा परिवार कुछ ही घंटों में गहरे सदमे में डूब गया.
इसे भी पढ़ें- बाढ़ से बेहाल यूपीः 16 जिले डूबे, 47 में बारिश का अलर्ट; नदी में बहे मां-बेटे
रक्षाबंधन की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं
मृतक के परिजन गोटीराम के मुताबिक, परिवार में रक्षाबंधन को लेकर खुशी का माहौल था. रिश्तेदार और परिवार के लोग त्योहार की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन सांप के डसने की घटना ने सब कुछ बदल दिया. एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से चतेला गांव में भी शोक का माहौल है. ग्रामीण घटना के बाद से डरे हुए हैं और लोगों को सतर्क कर रहे हैं.


