Jammu And Kashmir Rain: जम्मू-कश्मीर में बारिश जमकर कहर बरपा रही है। जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण दो दिन में 24 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्रा स्थगित करना पड़ गया। पुंछ जिले में सोमवार को घर पर मलबा गिरने से परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। डोडा में बस पर चट्टान गिरने से दो लोगों को जान गंवानी पड़ी। सोमवार को पांच महिलाओं समेत 12 लोग मौसम के कारण आपदा का शिकार बने। जम्मू-कश्मीर में मौसम दो दिन में 24 जिंदगियां लील चुका है।

इस बीच, दूसरे दिन भी श्रीअमरनाथ, माता वैष्णो देवी, रियासी में शिवखोड़ी और किश्तवाड़ में सरथल यात्राएं स्थगित रहीं। अमरनाथ धाम के लिए बालटाल के रास्ते कुछ श्रद्धालुओं को रवाना किया गया। वहीं जम्मू स्थित आधार शिविर, लखनपुर के अलावा कश्मीर में हजारों शिवभक्त यात्रा नियमित होने के इंतजार में हैं।

उधर, कटड़ा में माता वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान बैटरी कार मार्ग, भैरव घाटी मार्ग तथा पारंपरिक यात्रा मार्ग के कुछ हिस्सों में आंशिक भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं हुई हैं। यात्रा बंद रहने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। प्रभावित मार्गों को सुरक्षित बनाने आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड प्रशासन कार्य में जुटे हैं।कटड़ा में करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालु रुके हुए हैं। सोमवार तड़के जम्मू, राजौरी, पुंछ सहित अन्य जिलों में तेज वर्षा हुई। इससे तवी व चिनाब नदी समेत कई नाले उफान पर रहे। मौसम विभाग ने 23 जुलाई तक भारी वर्षा और भूस्खलन की चेतावनी देते हुए लोगों को पहाड़ी रास्तों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी

इस बीच, जम्मू व श्रीनगर सहित कई जिलों में तड़के तेज वर्षा हुई, जिससे सड़कों पर जलभराव रहा। लगातार वर्षा से कई गांवों का संपर्क टूट गया है। साथ ही अभी खतरा टला नहीं है। भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी ने अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी दी है। पुंछ जिले में रविवार को भी वर्षा, बाढ़ व मकान ढहने से 11 लोगों की मौत हो गई थी।

सोमवार सुबह अभी जिंदगी पटरी पर आ रही थी कि सुरनकोट के लोरन गांव में वर्षा के बीच पहाड़ से भारी मलबा एक कच्चे कमान पर आ गिरा। इससे एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राजौरी और पुंछ जिले में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को छह-छह लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m