जमशेदपुर। मानगो के डिमना चौक के पास प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण की प्रक्रिया एक बार फिर आगे खिसक गई है। करीब 13 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के टेंडर की अंतिम तारीख तीसरी बार बढ़ाई गई है।

जुडको की ओर से जारी नए आदेश के मुताबिक अब टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर कर दी गई है। इससे परियोजना का काम धरातल पर शुरू होने में अभी और समय लगने की संभावना है।

153 करोड़ से अधिक की है परियोजना

मानगो में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ISBT बनाने की योजना को शहर में बढ़ते यातायात और अंतरराज्यीय बसों के दबाव को देखते हुए मंजूरी दी गई है। परियोजना का निर्माण पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर प्रस्तावित है।

इसके लिए करीब 153.36 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। योजना के तहत बस टर्मिनल के साथ आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और जल संसाधन विभाग का कार्यालय भी एक ही परिसर में विकसित किया जाना है।

जेपी सेतु बस स्टैंड पर बढ़ रहा दबाव

फिलहाल शहर में अंतरराज्यीय बसों का दबाव जेपी सेतु बस स्टैंड पर है। यहां पर्याप्त जगह और सुविधाओं की कमी के कारण यात्रियों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी परेशानी होती है।

बसें सड़क किनारे खड़ी होने के कारण मानगो गोलचक्कर और आसपास के इलाकों में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। यात्रियों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, साफ शौचालय और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी भी लंबे समय से समस्या बनी हुई है।

नए ISBT से मिलेगी जाम से राहत

बिहार, बंगाल, ओडिशा और झारखंड के विभिन्न जिलों के बीच रोजाना बड़ी संख्या में बसों का परिचालन होता है। मौजूदा बस स्टैंड पर बढ़ते दबाव को देखते हुए नए ISBT को शहर के लिए अहम परियोजना माना जा रहा है।

हालांकि, टेंडर की समयसीमा तीसरी बार बढ़ने से परियोजना के निर्माण की शुरुआत फिलहाल और टल गई है। अब 15 सितंबर की नई समयसीमा के बाद ही आगे की प्रक्रिया स्पष्ट होगी।