Bihar News: जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने आज हॉफ एनकाउंटर कर दिया। भागने के क्रम में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसका फिलहाल सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें से 3 नाबालिग हैं। वहीं, अब इस घटना क्रम को लेकर राजनीति भी तेज होती दिख रही है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा है।
अपने प्रिय भाइयों को समझा दें तेजस्वी- मांझी
जीतन राम मांझी ने कहा कि, तेजस्वी यादव हमेशा कहा करते हैं कि बिहार के यादव और उत्तर प्रदेश के यादव सब मेरे भाई हैं। बड़ी अच्छी बात है। मानना चाहिए, कहना चाहिए, मैं भी कहता हूं। लेकिन अगर उन्हीं में कुछ लोग गलत काम करते हैं, तो वह ऐसा न कहें कि फिर यादव को ही चुन करके बिहार की सरकार ऐसा कर रही है। इसलिए आगे कोई ऐसी दुर्घटना न घटे, इसलिए अपने प्रिय भाइयों को कम से कम वह समझा दें कि ऐसा घटना करोगे, तो अंजाम वही होगा, जो जमुई में नंदन यादव का हुआ।
….तो फिर ठोके जाओगे- मांझी
जीतन राम मांझी ने कहा कि, आज हम बहुत संतुष्ट हैं। सम्राट चौधरी को धन्यवाद देते हैं कि जो उन्होंने कहा था, आज किया। मैं आगे भी कहना चाहता हूं कि भाई, राजनीतिक रूप में विरोध करना फर्ज है, विरोध करो, लेकिन राजनीति में विरोध करने का अगर दूसरा उपाय ढूंढ लिया, जैसा कि जमुई की घटना हुई, तो फिर नतीजा यही होगा कि ठोके जाओगे, पिटाओगे। हमको शक ज्यादा यह लग रहा है कि कहीं यह न कह दें कि एक विशेष समाज के लोगों पर ही निशाना किया जा रहा है। यह डर है हमको, क्या ऐसा कर सकते हैं? इसीलिए राहुल बाबा से भी कहना चाहते हैं, तेजस्वी यादव से भी कहना चाहते हैं कि इन भावनाओं से हटकर वास्तविकता को जानिए और अपने दोस्तों को, अपने जाति के लोगों को, अपने पार्टी के लोगों को समाज की मुख्यधारा में रहकर NDA सरकार द्वारा संचालित सम्राट चौधरी की बिहार की सरकार को मदद करें। बिहार को अभी मदद की आवश्यकता है।
‘बिहार के जेलों में 70 प्रतिश लोग एक समाज के’
जीतन राम मांझी ने कहा कि, आज बिहार के जेलों में जाइए, तो 70 प्रतिशत एक समाज के लोग आते हैं। चाहे बलात्कार का मामला हो, भूमि हड़पने का मामला हो, हत्या का मामला हो, यह सारे केसों में 70 प्रतिशत लोग, जो रिकॉर्ड है, सरकारी रिकॉर्ड है, कह सकते हैं कि एक ही राजनीतिक दल के लोग होते हैं। आज हमारे दिमाग में बात बनती थी कि कहीं न कहीं उन्हीं लोगों का तो हाथ नहीं था। लेकिन जब एनकाउंटर हुआ, 7 आरोपी गिरफ्तार किए और एक नंदन यादव का एनकाउंटर हुआ, तो हमारी वह पूर्व धारणा जो थी, वह मूर्त रूप लिया। चलिए, इस बहाने ही यह अस्पष्ट नहीं रहा कि हमारे तेजस्वी जी के भाई, चाहे बिहार का हो या उत्तर प्रदेश का हो, वह इसी सब कुकृत्य में लगे हुए रहते हैं।
‘यह सम्राट चौधरी की सरकार है’
मांझी ने अंत में कहा कि, आज हम फक्र के साथ कह सकते हैं कि जैसा मैं सोचता था, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उससे भी आगे बढ़कर के आज सामने आए हैं, जहां तक लॉ एंड ऑर्डर सको संभालने का मामला है। 19 सितंबर की घटना है और आज 22 सितंबर है। इसी क्रम में SIT का गठन, कुछ अपराधियों का गिरफ्तारी और अंततोगत्वा सभी अपराधियों की गिरफ्तारी। मेन अभियुक्त ने जो हिम्मत किया पुलिस पर आंख दिखलाने का, उसको भी आज टांग में गोली मार कर बता दिया गया कि यह एनडीए की सरकार है। सम्राट चौधरी की सरकार है।
ये भी पढ़ें- शिक्षक शमशाद आलम हत्याकांड का मुख्य आरोपी चमन गिरफ्तार, SP ने सिर पर रखा था 20 हजार का इनाम



