कुंदन कुमार, पटना। जमुई में छात्रा के साथ हुई शर्मनाक बदसलूकी की घटना ने पूरे राज्य की राजनीति में भूचाल ला दिया है। राजधानी पटना से लेकर राजभवन तक विरोध के स्वर गूंज उठे हैं। मुख्य विपक्षी दल राजद (RJD) की महिला विंग सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ आक्रामक प्रदर्शन कर रही है, वहीं निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी राज्यपाल से मिलकर कड़े एक्शन की मांग की है।

​राजद बोली हाफ नहीं, फुल एनकाउंटर हो

​पटना में राजद कार्यालय से इनकम टैक्स चौराहे तक निकाले गए विरोध मार्च के दौरान राजद नेत्री सागरिका पासवान ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि जमुई कांड के आरोपी का ‘हाफ नहीं, फुल एनकाउंटर’ होना चाहिए।

  • ​बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल: राजद नेत्री ने प्रशासन को घेरते हुए पूछा कि बिहार में गरीबों के आशियानों पर तो बुलडोजर तुरंत चल जाता है, लेकिन ऐसे जघन्य अपराधियों के घरों पर बुलडोजर कब चलाया जाएगा?
  • ​स्पीडी ट्रायल की मांग: पार्टी ने साफ किया है कि राज्य सरकार महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पूरी तरह विफल साबित हुई है। राजद इस मामले में दोषियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल की मांग कर रहा है।

​तेजस्वी यादव का दो टूक बयान

  • ​इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार को कटघरे में खड़ा किया था।
  • ​उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल जात-पात की राजनीति करने से प्रदेश की व्यवस्था नहीं सुधरने वाली है।
  • ​तेजस्वी ने मांग की कि ऐसे कुकृत्य करने वालों को सीधे फांसी की सजा मिलनी चाहिए, चाहे आरोपी कोई भी हो और किसी भी जाति से ताल्लुक रखता हो।
  • ​उन्होंने जोर देकर कहा कि अपराधियों का कोई मजहब या जाति नहीं होती, जुर्म करने वाले हर व्यक्ति को बिना भेदभाव के सजा मिलनी चाहिए।

​पप्पू यादव पहुंचे राजभवन

​इस बीच, पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भी राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए राजभवन का रुख किया है।

  • ​उन्होंने बिहार के राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य में लगातार बढ़ रहे महिला अपराधों और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोली है।
  • ​सांसद पप्पू यादव की ओर से राज्यपाल को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें जमुई की घटना को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार के खिलाफ सख्त कदम उठाने की गुहार लगाई गई है।
  • ​उन्होंने राज्यपाल से इस संवेदनशील मामले में सीधे हस्तक्षेप करने की मांग की है ताकि सूबे की बेटियों को न्याय मिल सके।